हिमाचल प्रदेश में 20 जून को मानसून की एंट्री हुई थी। बीते 21 दिन में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 91 लोगों की मौत हुई है। इनमें बाढ़, लैंडस्लाइड और सड़क हादसे शामिल हैं। राज्य की 200 से ज्यादा सड़कें बंद हैं।
यूपी के कई जिलों में शुक्रवार को बारिश हो रही है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में शख्स बह गया। वो यहां दर्शन के लिए आया था। वाराणसी के गंगा में बहे व्यक्ति को NDRF ने बचाया। यहां गंगा में पानी हर घंटे 2 cm बढ़ रहा है।
MP के मंडला में बाढ़ से अबतक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, 2 लापता हैं। 300 मकान क्षतिग्रस्त हैं। 300 से ज्यादा लोग 7 रेस्क्यू कैंप में हैं। सीधी में बीते 12 घंटे से बारिश हो रही है।
राजस्थान के 11 जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। 27 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। सीकर में खंडेला नदी का पानी आबादी वाले इलाकों में पहुंचा। कोठपुतली में सरकारी स्कूल में पानी भर गया। बच्चों को पीठ पर लादकर बाहर निकाला गया।
जल आयोग बोला- 20 नदी स्थल बाढ़ के खतरे में, असम और बिहार में 3 जगह जलप्लावन
केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने शुक्रवार के दैनिक बाढ़ बुलेटिन में कहा कि भारत भर में 20 नदी स्थल बाढ़ के खतरे में हैं, जिनमें से असम में एक और बिहार में दो स्थानों पर गंभीर बाढ़ की स्थिति है। गंभीर बाढ़ की स्थिति वाले स्थल असम के गोलाघाट में ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों के किनारे, और मुजफ्फरपुर तथा गोपालगंज में गंगा की सहायक नदियों बागमती और गंडक के किनारे पर बसे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज झारखंड के 6 जिलों में तेज बारिश होगी। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची के भी कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।

