विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली CM आवास को ‘शीश महल’ कहने पर भाजपा और AAP आमने-सामने आ गई। इसे लेकर बुधवार को दोनों पार्टियों ने प्रदर्शन किया। AAP के सांसद संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज मीडिया को लेकर CM हाउस पहुंचे। कहा कि हम दिखाने आए हैं कि शीशमहल में सोने का टॉयलेट कहां है।
पुलिस ने दोनों नेताओं को CM हाउस के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद दोनों सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत बन रहे नए प्रधानमंत्री आवास की ओर निकले। हालांकि, पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते से ही वापस भेज दिया। संजय सिंह ने PM आवास को 2700 करोड़ का राजमहल बताया है।
इसके बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा दिल्ली की CM आतिशी के बंगले पर पहुंचे। उन्होंने कहा- आतिशी को मथुरा रोड का बंगला आवंटित किया गया है। वो रहती कालकाजी में हैं। उनके पास दो-दो बंगले हैं। ‘बंगले वाली देवी’ को और कितने बंगले चाहिए।
भाजपा के बाद कांग्रेस भी शीशमहल विवाद में कूद पड़ी। कांग्रेस नेता गुरुदीप सिंह सप्पल ने कहा- कांग्रेस पार्टी ने 55 साल तक शासन किया है और गांधी परिवार के 3 सदस्य प्रधानमंत्री रहे हैं। गांधी परिवार ने देश के लिए अपना आनंद भवन दान कर दिया। मनमोहन सिंह PM बने तो उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की गाड़ी नहीं बदली। 10 साल उसी से चले।
दिल्ली भाजपा बोली- केजरीवाल से पूछिए सोने का टॉयलेट कहां छिपा रखा है
दिल्ली भाजपा ने बुधवार को X पर एक नया पोस्टर जारी कर केजरीवाल को टॉयलेट चोर बताया। कहा कि केजरीवाल अपने शौक की पोल खुलने की डर से पहले लाखों की टॉयलेट सीट चुरा ले गए और अब जब दिल्ली की जनता के सामने उनकी पोल खुल गई तो 2 लोगों को भेज दिया नौटंकी करने के लिए? संजय सिंह और सौरव भारद्वाज, टॉयलेट सीट के बारे में केजरीवाल से पूछिए कहां छिपा रखा है?