जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में शनिवार दोपहर सेना का ट्रक खाई में गिर गया। हादसे में 4 जवानों की मौत हो गई। 2 जवान गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक में 6 जवान ही सवार थे।
अधिकारियों ने बताया कि हादसा जिले के एसके पायीन इलाके में हुआ। यहां ट्रक सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा।
घटना पर सेना ने बयान जारी किया है। इसमें बताया गया है कि खराब मौसम के कारण विजिबिलिटी कम थी। इस कारण ट्रक सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा।
एलजी सिन्हा ने घटना पर दुख जताया
बांदीपोरा हादसे पर एलजी मनोज सिन्हा ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए बहुत आभारी है।
24 दिसंबर के हादसे में 5 जवानों की मौत हुई थी
इससे पहले 24 दिसंबर को पुंछ जिले में आर्मी वैन 350 फीट गहरी खाई में गिरी थी। वैन में 18 जवान सवार थे। इनमें से 5 की मौत हो गई थी। हादसे में शामिल सभी जवान 11 मराठा रेजिमेंट के थे।
सेना ने बताया कि काफिले में 6 गाड़ियां थी, जो पुंछ जिले के पास ऑपरेशनल ट्रैक से होते हुए बनोई इलाके की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान एक वाहन के ड्राइवर के संतुलन खोने की वजह से वैन खाई में गिर गई।
नवंबर में दो अलग-अलग घटनाओं में 5 जवानों की मौत
इससे पहले नवंबर में दो अलग-अलग घटनाओं में 5 जवानों की मौत हो गई थी। 4 नवंबर को राजौरी में सड़क हादसे में दो जवानों की जान चली गई थी। वहीं, 2 नवंबर को रियासी जिले में कार खाई में गिर जाने से तीन जवानों की मौत हो गई थी।
जवानों की गाड़ी खाई में गिरने की तीन अन्य घटनाएं…
19 अगस्त 2023: लद्दाख में सेना का वाहन 60 फीट गहरी खाई में गिरा, 9 जवानों की मौत
लद्दाख में 19 अगस्त को सेना की एक गाड़ी 60 फीट गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें 9 जवानों की मौत हो गई थी। सेना के काफिले में पांच गाड़ियां शामिल थीं। जिसमें 34 जवान सवार थे। इस हादसे में एक जवान घायल भी हुआ। लेह के SSP पीडी नित्या ने बताया कि वाहन के ड्राइवर ने गाड़ी पर कंट्रोल खो दिया, जिससे ट्रक खाई में जा गिरा।