पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल स्टूडेंट से गैंगरेप केस में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 2 आरोपी अभी भी फरार हैं। सभी पास के गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास पीड़ित का मोबाइल था। इससे कॉल किया गया था। टावर लोकेशन से आरोपियों की जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, घटना कोलकाता से 170 किमी दूर दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज के ठीक सामने 10 अक्टूबर की रात 8 से 10 बजे के बीच हुई। पीड़ित अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए निकली थी। कैंपस गेट पर 3 युवक खडे़ थे।
पीड़ित के मुताबिक, युवकों ने उसका मोबाइल छीना, फिर बाल पकड़कर कैंपस गेट के सामने जंगल में घसीटकर ले गए। तीनों ने उसका रेप किया। इस दौरान उसका दोस्त वहां से भाग गया था। पुलिस ने बताया, पीड़ित ओडिशा की रहने वाली है और एमबीबीएस 2nd ईयर की स्टूडेंट है।
डिप्टी मजिस्ट्रेट और दुर्गापुर SDO रंजना रॉय ने पीड़ित से मुलाकात की। उन्होंने कहा- छात्रा का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत स्थिर है। उसका परिवार साथ है। लड़की के दोस्त और उसके साथियों इसके शामिल होने के आरोप परिवार ने लगाए हैं। पीड़ित के दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित का मोबाइल आरोपी अपने साथ ले गए थे। मोबाइल से आरोपियों ने अपने दोस्त को कॉल किया था। जिसे कॉल किया गया था उसके मोबाइल टावर की लोकेशन ट्रैक की गई। इसके बाद गिरफ्तारियां की गईं।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर लगे CCTV की फुटेज निकाली जा रही है। मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों से भी पूछताछ हो रही है। 11 अक्टूबर को पीड़ित के माता-पिता ने दुर्गापुर न्यू टाउनशिप थाने में केस दर्ज कराया है।
छात्रा के पिता ने कहा कि मैंने सुना था कि कॉलेज अच्छा है, इसलिए अपनी बेटी को यहां मेडिकल की पढ़ाई के लिए भेजा था। कभी नहीं सोचा था कि उसके साथ ऐसा कुछ होगा। यहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है।
वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की टीम आज दुर्गापुर पहुंचेगी। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को बलात्कारियों और अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना दिया है।

