पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में सोमवार को भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। लोगों ने सांसद पर पत्थरबाजी की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका सिर फूट गया। खगेन, मालदा से सांसद हैं। मामला जलपाईगुड़ी जिले के दुआर्स क्षेत्र के नागरकाटा का है।
भीड़ ने सांसद के साथ गए भाजपा विधायक शंकर घोष और अन्य नेताओं पर भी हमला किया। सभी बाढ़ प्रभावित इलाके में लोगों को राहत सामग्री बांटने गए थे। हमले से पहले 500 से ज्यादा लोगों ने ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए और सड़कें जाम कर दीं।
हमले के बाद सामने आई तस्वीरों में भाजपा सांसद खून से लथपथ एक गाड़ी में बैठे हुए दिखाई दिए। उनके चेहरे से लगातार खून बहता हुआ दिखा। उनका सफेद कुर्ता और गमछा भी खून से लाल हो गया। वे रूमाल से बार-बार अपने चेहरे को पोंछते हुए दिखाई दिए।
मुख्यमंत्री ममता भी आज बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौर करने वाली हैं। उन्होंने आज सुबह कोलकाता से रवाना होते वक्त कहा था कि वे हासीमारा एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेंगी और फिर वहां से बाढ़ प्रभावित नागरकाटा जाएंगी।
हमले की तस्वीरें सामने आने के कुछ मिनट बाद ही भाजपा ने सोशल मीडिया पर TMC पर पलटवार किया। भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने X पर लिखा- TMC का जंगलराज बंगाल में लौट आया है! एक सम्मानित आदिवासी नेता और दो बार के सांसद पर TMC के गुंडों ने हमला किया।
मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा- जब बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सरकार की जरूरत थी, तब ममता बनर्जी अपने कोलकाता कार्निवल में नाच रही हैं। TMC और राज्य प्रशासन गायब है। जो लोग वास्तव में लोगों की मदद कर रहे हैं, उन पर हमले हो रहे हैं। यह TMC का बंगाल है, जहां क्रूरता का बोलबाला है और उदार व्यक्ति को सजा दी जाती है।
बंगाल में भाजपा के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भी ममता बनर्जी पर हमला बोला। उन्होंने X पर कहा- ममता बनर्जी पूरी तरह से दहशत में हैं। अब उन्होंने पैनिक बटन दबा दिया है और खास समुदाय से जुड़े अपने गुंडों को उकसाकर भाजपा सांसदों और विधायकों पर हमला करवा रही हैं।
भाजपा सांसद पर उस समय क्रूर हमला किया गया, जब वे बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे। विधायक डॉ. शंकर घोष की गाड़ी पर भी पुलिस की मौजूदगी में हमला किया गया। ममता बनर्जी, आप भाजपा को डरा नहीं सकतीं।

