वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 8वीं बार देश का बजट पेश किया। इस बार सीतारमण ने क्रीम कलर की मधबुनी पेंटिंग वाली साड़ी पहनी। इसका गोल्डन बॉर्डर है। यह साड़ी उन्हें बिहार में रहने वाली पद्मश्री विजेता दुलारी देवी ने गिफ्ट की थी। दरअसल 2 महीने पहले वित्त मंत्री क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में मधुबनी आई थीं। तब दुलारी देवी ने उन्हें ये साड़ी भेंट की थी।
कहा जा रहा है कि दुलारी देवी ने साड़ी गिफ्ट देते समय वित्त मंत्री ने कहा था कि बजट वाले दिन इसे पहनें। आज हाफ शोल्डर रेड ब्लाउज के साथ वित्त मंत्री ने वही साड़ी पहनी।
इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी पेंटिंग वाली साड़ी को इससे जोड़ा देखा जा रहा है।
पेंटिंग में एक महीना लगा- दुलारी देवी
दुलारी देवी ने भास्कर को बताया कि ‘इस साड़ी में मधुबनी पेंटिंग करने में एक महीने का समय लगा है। बेंगलुरु सिल्क में मधुबनी पेंटिंग की गई है। ऑफिस टाइम के बाद सुबह-शाम इस पर मैंने काम किया।
‘साड़ी पर मछली, पानी, कमल, पान और मखाने की तस्वीर बनाई है। ये सभी मधुबनी की पहचान हैं। मैंने इसे मिथिला हाट कार्यक्रम में वित्त मंत्री को भेंट किया था।’
वित्त मंत्री के साड़ी पहनने से दुलारी देवी काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि ये मिथिला और बिहार के लिए गौरव की बात है।
चर्चा में रहती है वित्त मंत्री की साड़ी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपनी साड़ियों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। खासकर वे साड़ी जो वे बजट पेश करने के दौरान पहनती हैं। वे बजट पेश करने के दौरान लाल, नीली, पीली, भूरी और ऑफ-व्हाइट साड़ी पहन चुकी हैं। ये साड़ियां भारतीय संस्कृति और विरासत का प्रतिनिधित्व करती हैं।