हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में पहली रैली की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शाही (गांधी) परिवार आरक्षण को खत्म करने वाला है। मगर, जब तक मोदी है, आरक्षण की रत्ती भर भी लूट नहीं होने दूंगा।
पीएम ने हरियाणा के लोगों को चेताया कि अगर यहां कांग्रेस की सरकार आई तो इसकी हालत भी हिमाचल जैसी हो जाएगी। जहां सरकार के पास कर्मचारियों को सैलरी देने के पैसे नहीं हैं। यहां तक कि सीएम और मंत्रियों को अपनी सैलरी छोड़नी पड़ रही है।
किसानों के मुद्दे पर पीएम ने कहा कि कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। उन्होंने कांग्रेस को चैलेंज दिया कि वे कर्नाटक और तेलंगाना में इन स्कीमों को लागू करें। मोदी ने कहा कि तेलंगाना में कुछ ही महीनों में 1200 किसान खुदकुशी कर चुके हैं। कांग्रेस के लोगों को डूब मरना चाहिए। उनके मुंह में किसानों की मौत का पाप है। हरियाणा में भाजपा सरकार 24 फसलों पर MSP देनी है।
इस रैली में हरियाणा की जीटी रोड बेल्ट पर लगते 6 जिलों की 23 विधानसभा सीटों के उम्मीदवार भी मौजूद रहे। ये करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कैथल के थे।
हरियाणा चुनाव को लेकर 12 सितंबर को नामांकन खत्म हो चुके हैं। अब 5 अक्टूबर को वोटिंग और 8 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कांग्रेस देश पर नक्सलवाद थोप रही
गांधी जी हमेशा से सत्य की वकालत करते थे, आजादी के कुछ वर्षों तक कांग्रेस पर गांधी जी के आदर्शों का असर रहा, लेकिन आज की कांग्रेस अर्बन नक्सल का नया रूप बन गई है। कांग्रेस को झूठ बोलने पर अब शर्म नहीं आती। कांग्रेस हर रोज एक नया झूठ बोलती है। कांग्रेस देश की एकता पर लगातार हमला कर रही है। कांग्रेस देश पर नक्सलवाद थोप रही है।
बोले- कांग्रेस अर्बन नक्सल का नया रूप
नरेंद्र मोदी ने कहा- वह कालखंड, जिसके कारण हरियाणा की अनेक माताओं को अपनी संतान गंवानी पड़ी थी। आप मुझे बताएं क्या कांग्रेस को आर्टिकल 370 वापस लाने देंगे क्या। साथियों कांग्रेस के लिए तुष्टीकरण ही सबसे बड़ा लक्ष्य है। आज तो हालात यह हो गए हैं कि कांग्रेस के राज में कर्नाटक में गणपति को भी सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। पूरा देश आज गणेश उत्सव मना रहा है, और कांग्रेस विघ्नहर्ता की पूजा में भी विघ्न डाल रही है। तुष्टीकरण के लिए कांग्रेस कुछ भी कर सकती है।
कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन को लटकाया
नरेंद्र मोदी ने कहा- वीर जवानों के साथ भी कांग्रेस ने धोखा किया है। बीजेपी ने वन पेंशन वन स्कीम लागू की। इससे हरियाणा के डेढ़ लाख हरियाणा के फौजियों को करोड़ों रुपए का फायदा मिला। कांग्रेस ने इसे दशकों से लटकाए रखा था।
हमने तीसरी टर्म में भी इसे रिवाइज कर दिया। अक्टूबर से फौजियों को इसका लाभ मिलने लग जाएगा। यहां आने से पहले मैं जम्मू कश्मीर में था। वहां कांग्रेस पार्टी 370 को फिर से बहाल करने का संकल्प ले रही है। आपको क्या ये मंजूर है। ऐसा पाप करने वाली कांग्रेस को सजा मिलनी चाहिए।
कुछ साल पहले तक वहां हरियाणा के वीर सैनिकों पर जो पत्थर चलते थे, आतंकवादी गोलियां चलाते रहते थे। मेरे हरियाणा के वीर सपूत हर सप्ताह तिरंगे में लिपटकर वापस आते थे। कांग्रेस धारा 370 को वापस लाने का समर्थन करके उस दौर को वापस लाना चाहती है।