कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं के साथ उनके मतभेद हैं। थरूर गुरुवार को तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे लोग कौन हैं, जिनके बारे में मैं बात कर रहा हूं। उन्हें आप (मीडिया वाले) अच्छे से जानते हैं क्योंकि उनमें से कुछ मुद्दे सार्वजनिक डोमेन में हैं।
थरूर ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके सिद्वांत उन्हें पसंद हैं। 16 साल तक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया है और वे उन्हें अपना करीबी दोस्त और भाई मानते हैं।
हालांकि थरूर ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके मतभेद नेशनल स्तर के नेताओं के साथ हैं या राज्य स्तर के। तिरुवनंतपुरम के सांसद ने संकेत दिया कि उपचुनाव के नतीजों के बाद वह इन मतभेदों के बारे में बात कर सकते हैं।
थरूर बोले- मुझे केरल उपचुनाव में प्रचार के लिए नहीं बुलाया
केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को उपचुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों के लिए प्रियंका गांधी भी प्रचार के लिए गईं थीं। जब थरूर से पूछा गया कि, वे चुनाव अभियान में शामिल क्यों नहीं हुए, तो उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें इसके लिए इनवाइट नहीं किया गया था। जबकि पिछले साल वायनाड में हुए उपचुनाव में उन्हें बुलाया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी हालिया बातचीत के बारे में थरूर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के सिलसिले में जो डेलीगेशन कई देशों में गए थे और वहां क्या चर्चा हुई, इस बारे में हमारी पीएम से बात हुई।
डेलीगेशन में शामिल होने पर थरूर ने कहा, जब वे संसद की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष बने थे, तब उन्होंने साफ कर दिया था कि उनका ध्यान भारत की विदेश नीति और उसके राष्ट्रीय हित पर है, न कि कांग्रेस और भाजपा की विदेश नीति पर।

