दिल्ली NCR में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार की रात धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। इस दौरान पेड़ गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। तेज आंधी से कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। तूफान के कारण अलग-अलग हादसों में कुल 23 लोग घायल हुए हैं। हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटा के बीच दर्ज की गई।
दिल्ली एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि खराब मौसम के कारण 9 फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट किया गया है। सड़कों पर पेड़ गिरने से दिल्ली और आसपास के इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ है। पुलिस ने बताया कि उन्हें पेड़ गिरने से जुड़े 152, इमारतों को नुकसान पहुंचने से जुड़े 55 और पावर कट से जुड़े 202 कॉल रिसीव हुए हैं।
आंधी और बारिश के बाद दिल्ली NCR में बढ़ते तापमान से लोगों को राहत मिली है। शनिवार सुबह से मौसम सुहाना बना हुआ है। कुछ जगहों पर रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी भी जारी है।मौसम विभाग ने अगले 2 दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में बारिश से दो मौतें, बद्रीनाथ-ऋषिकेश हाईवे बंद बारिश के कारण उत्तराखंड में भी तबाही हुई है। राज्य के पहाड़ी इलाकों और बद्रीनाथ हाईवे पर पीपल कोठी के पास भारी बारिश के कारण बारिश में दो लोगों की मौत हो गई। छह लोग घायल हो गए। इमारतों को नुकसान पहुंचने से 17 लोग घायल हैं।
सिरोबगड़ के पास सड़क पर मलबा जमा हो जाने से बद्रीनाथ-ऋषिकेश हाईवे बंद हो गया है। इसके कारण बद्रीनाथ और केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को श्रीकोट-श्रीनगर और कलियासौड़ में रोका गया है। सिरोबगड़ में पहाड़ से लगातार मलबा और पत्थर गिरने से सड़क नहीं खुल पा रही है।
13 राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को देश के 13 राज्यों में बारिश, गरज और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलावा उत्तराखंड, तमिलनाडु, दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, कर्नाटक और केरल शामिल हैं।
IMD के मुताबिक, महाराष्ट्र के अलग-अलग जगहों में आज 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। महाराष्ट्र, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में 12 और 13 मई को भी आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है।