देश के 4 राज्यों राजस्थान, पंजाब, गुजरात और हरियाणा से वापसी के बीच मध्य प्रदेश में मानसून जमकर बरस रहा है। मध्य प्रदेश में शनिवार को 25 जिलों में बारिश हुई।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी, बलिया, गोंडा समेत 8 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। लखीमपुर-खीरी में 24 घंटे में 8 मकान नदी में समा गए हैं। राजस्थान में भी शनिवार को जाते हुए मानसून के बीच तेज बारिश हुई।
हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून जमकर बरसा है। हालांकि, अब इसकी विदाई का दौर शुरू हो गया है। 20 जून से 20 सितंबर तक बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं में 427 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग ने रविवार को मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तराखंड समेत 21 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। तेलंगाना-अंडमान में भी आंधी तूफान की चेतावनी है।
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है।
अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। यहां आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने गुजरात में अगले अगले चार दिनों तक राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई है। खासकर मध्य गुजरात में गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया है। अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते तेज बारिश के हालात बने हैं।
छोटा उदेपुर जिले में शनिवार रात करीब 2 बजे गरज-चमक के साथ भारी बारिश शुरू गई। करीब डेढ़ घंटे तक भारी बारिश जारी रही। इससे निचले इलाकों में पानी भर गया। बोडेली में सड़क पर नदी बहने जैसा नजारा दिखाई दिया।
यूपी में बारिश से नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर खीरी, बलिया, गोंडा समेत 8 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। लखीमपुर खीरी में 4 सेकेंड में मकान ढह गया। 24 घंटे में यहां 8 मकान नदी में समा गए हैं। पूरे प्रदेश की बात करें तो इस सीजन में बाढ़-बारिश से 1361 मकान ढह चुके हैं। बंगाल की खाड़ी में एक और वेदर सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके असर से अगले चार-पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

