देश के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बर्फबारी जारी है। स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण उत्तर-पश्चिमी राज्यों पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में बारिश के साथ ओले गिर रहे हैं। साथ ही 30-60kmph की रफ्तार से हवा भी चल रही है।
हिमाचल के मंडी में केओली पंचायत में 3-4 फीट तक जमी बर्फ के बीच दूल्हा-दुल्हन 7 किलोमीटर पैदल चलकर घर पहुंचे। पहले दूल्हा पैदल चलकर ससुराल पहुंचा था। शादी के बाद उसी रास्ते से दुल्हन को साथ लेकर लौटा।
इधर, उत्तर प्रदेश में आगरा समेत 7 जिलों में तेज बारिश हुई, जो रुक-रुककर जारी है। बागपत में बारिश के अलावा ओले भी गिरे। 10 से ज्यादा शहरों में 30 Kmph की रफ्तार से हवा भी चल रही है। मध्य प्रदेश के 5 जिलों में आज बारिश हुई। 28 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
इधर राजस्थान के कई जिलों में ओले गिरे। जयपुर समेत कई जिलों में बारिश जारी है। बिजली गिरने से सीकर में महिला और कोटा में एक युवक की मौत हो गई। दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश हुई है। इसके अलावा दिल्ली में तेज बारिश का रेड अलर्ट है।
राजस्थान में पिछले तीन दिन कड़ाके की सर्दी के बाद मंगलवार को बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने जयपुर सहित 10 जिलों में आज से दो दिन आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। जयपुर में आज सुबह धूलभरी हवा चलने के बाद रुक-रुककर बूंदाबांदी भी हो रही है। राज्य में 28 और 29 जनवरी को घना कोहरा छाएगा और सर्द हवाएं चलेगी। 31 जनवरी से फिर बारिश हो सकती है।


