पश्चिम बंगाल में तेज बारिश के बाद शनिवार रात दार्जिलिंग में 7 जगह लैंडस्लाइड हो गई। मिरिक-सुखियापोखरी रोड के किनारे ढलान पर पहाड़ी का हिस्सा ढह गया। हादसे में कई घर टूट गए। अब तक 13 लोगों की मौत हुई है।
लैंडस्लाइड के बाद रोड पर मलबा आने से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। वाहनों की आवाजाही और आसपास के कई इलाकों में कम्युनिकेशन टूट गया है। उधर मिरिक में एक लोहे का पुल भी टूट गया है।
भारी बारिश के कारण तीस्ता नदी उफान पर है। तीस्ता बाजार के पास बलुखोला में पानी भर जाने से सिलिगुड़ी को सिक्किम और कालिम्पोंग से जोड़ने वाला हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। दार्जिलिंग शहर का भी कई हिस्सों से संपर्क टूट गया है।
अरब सागर में उठा पहला चक्रवात शक्ति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि यह तूफान गुजरात के द्वारका से 420 किमी दूर समुद्र में एक्टिव है। इसकी वजह से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
अगले 24 घंटे में यह पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ेगा और अरब सागर के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों तक पहुंचेगा। सोमवार से पूर्वोत्तर की ओर जाने और कमजोर पड़ने की संभावना है।
तूफान के असर से गुजरात, उत्तर महाराष्ट्र में समुद्र उफान पर है। महाराष्ट्र में भी तूफान शक्ति का असर दिखने लगा है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए चक्रवात की चेतावनी जारी की गई है। 7 अक्टूबर तक उत्तरी कोंकण के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी भारी बारिश हो सकती है।
IMD ने महाराष्ट्र के कई जिलों में 7 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। गोवा के निचले इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने साइक्लोन शक्ति को लेकर अधिकारियों के लिए निर्देश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन को डिजास्टर मैनेजमेंट सिस्टम एक्टिव करने, तटीय और निचले इलाकों में नागरिकों को निकालने की प्लानिंग और उनके लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। मछुआरों को 7 अक्टूबर तक गुजरात और महाराष्ट्र में तटों पर अरब सागर में नहीं जाने की चेतावनी है।
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में अटल टनल और आसपास के क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई। इससे क्षेत्र की पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। मौसम विभाग ने क्षेत्र में बारिश और बर्फ गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया था।

