एटा। राजकीय इंटर कॉलेज एटा में विगत 9 वर्षों से आयोजित हो रहे स्व० श्री बृजपाल सिंह यादव (पीईएस) स्मृति एटा पुस्तक महोत्सव अपने दशम वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है । दशम एटा पुस्तक महोत्सव के आयोजन की तिथियों को निर्धारित किए जाने हेतु गत दिवस एटा पुस्तक महोत्सव समिति की बैठक राजकीय इंटर कालेज एटा के खेल एवं स्काउट भवन में आहूत की गई । बैठक में श्री अंशुमान यादव आईपीएस, एडीजी सीआरपीएफ ने जनपद में एक दशक पूर्व प्रारंभ हुई इस अनूठी पहल के संबंध में जनपद एटा को गन कल्चर से बुक कल्चर की ओर शिक्षित युवाओं के दिशा परिवर्तन हेतु एक महत्वपूर्ण प्रयास एवं सार्थक कदम बताया तथा पुस्तक महोत्सव के अध्यक्ष संजीव कुमार की इस अनूठी सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र में प्रारंभ की गई पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की ।
संजीव कुमार एआरएम, मैनपुरी एवं अध्यक्ष एटा पुस्तक महोत्सव ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ,प्रधानाचार्यों, शिक्षकों को जानकारी दी कि एटा पुस्तक महोत्सव दिनांक 18 दिसंबर 2025 से 21 दिसंबर 2025 तक राजकीय इंटर कालेज एटा के प्रांगण पर आयोजित होने जा रहा है।
एटा पुस्तक महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री प्रेम रंजन सिंह ,आईएएस, जिलाधिकारी एटा एवं विशिष्ट अतिथि श्री अजय चौधरी आईपीएस, स्पेशल पुलिस कमिश्नर दिल्ली , श्री उपेन्द्र बघेल वरिष्ठ सेवा निवृत्त आईपीएस, श्री मनोज कुमार गिरि मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक अलीगढ़ द्वारा 18 दिसंबर को प्रातः 11 बजे किया जाएगा।
एटा पुस्तक महोत्सव में विभिन्न प्रकाशकों नेशनल बुक ट्रस्ट, वाणी प्रकाशन , राजकमल , गार्गी, प्रभात , सस्ता साहित्य मण्डल, डायमंड , ज्ञानदीप, निखिल प्रकाशन, प्रतियोगिता दर्पण आगरा, स्वराज आदि देश के ख्यात प्रकाशक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा अन्य राष्ट्रीय प्रकाशकों की पुस्तकों के प्रकाशकों ने पुस्तक महोत्सव में अपनी सहभागिता की सहमति दे दी है।
इस दौरान विद्यालय एवं कॉलेजों में अध्यनरत विद्यार्थियों हेतु प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विगत वर्षों की भांति जनवरी 2026 में नई दिल्ली में आयोजित विश्व पुस्तक मेले का निःशुल्क भ्रमण कराया जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, ख्यात पर्यावरणविद एवं पुस्तक महोत्सव के संरक्षक श्री ज्ञानेंद्र रावत ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अवगत कराया कि पुस्तक मेले में सामाजिक, शैक्षिक एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जनपद के समस्त माध्यमिक , सीबीएसई, डिग्री ,डीएलएड, बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों के प्राचार्य , प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापकों से अनुरोध किया कि वह अधिक से अधिक छात्र – छात्राओं को पुस्तक मेले में भ्रमण करायें और उन्हें एक नवीन एवं अच्छी शैक्षिक सोच के प्रति परिवर्तन हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एटा में पुस्तक महोत्सव का आयोजन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस हेतु इसके आयोजक भाई श्री संजीव कुमार यादव ,संयोजक श्री अनूप द्विवेदी और समस्त टीम बधाई की पात्र है जो जनपद में शैक्षिक क्षेत्र में ऐसी अनूठी पहल को जारी रखने का भगीरथ प्रयास कर रहे हैं। महोत्सव में मैगसैसे पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता डा० संदीप पाण्डेय, हरिजन सेवक संघ के अध्यक्ष प्रख्यात गांधीवादी डा० शंकर कुमार सान्याल, गांधी विचार के प्रसारक-प्रचारक श्री रमेश भाई, प्रख्यात पत्रकार श्री पंकज चतुर्वेदी सहित पर्यावरण, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र की जानी-मानी हस्तियां सहभागिता करेंगीं।
पुस्तक महोत्सव के संयोजक श्री अनूप द्विवेदी द्वारा बैठक में अवगत कराया गया कि पुस्तक महोत्सव में दुनिया की बेहतरीन किताबें , महिलाओं के लिए विशेष आकर्षण महिला गैलरी, प्रेरणादायक कविताओं ,चित्रों की गैलरी , महात्मा गांधी के जीवन से संबंधित चित्रों की प्रदर्शनी, बाल-साहित्य एवं विद्यार्थियों हेतु वाद विवाद , सामान्य ज्ञान, रंगोली , पेंटिंग, मेहंदी , नृत्य कला की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही इस वर्ष प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान के विजेता प्रतिभागियों को नगद धनराशि/आकर्षक पुरस्कार सहित प्रमाण पत्र एवं शैक्षिक /साहित्यिक पुस्तकें प्रदान की जाएंगी।
इससे पूर्व जिला फुटबाल संघ के पदाधिकारीयों द्वारा श्री अंशुमान यादव, आईपीएस ,एडीजी, श्री रामवीर सिंह पूर्व प्रधानाचार्य, श्री प्रभात कुमार झा प्रख्यात शिक्षाविद् दिल्ली, श्री सुधीर त्यागी असिस्टेंट कमिश्नर कस्टम्स लखनऊ, श्री धर्मेंद्र सिंह सचान असिस्टेंट कमिश्नर सेन्ट्रल जीएसटी लखनऊ , डॉ० हरेंद्र कुमार चिकित्सक ,एस एन मेडिकल कॉलेज आगरा का माल्यार्पण कर स्वागत कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ए वी पी न्यूज के प्रमुख संवाददाता वरिष्ठ पत्रकार श्री राकेश भदौरिया, श्री सीपी सिंह यादव पूर्व प्रधानाचार्य , डॉ० सुधीर गुप्ता प्रधानाचार्य, श्री राजीव यादव सचिव फुटबॉल संघ, श्री मनोज कुमार तिवारी प्रधानाचार्य, श्री राजवीर सिंह प्रधानाचार्य, श्री विशांत कुलश्रेष्ठ प्रधानाचार्य, श्री शिवकुमार द्विवेदी ,श्री संजय शर्मा , श्री शैलेंद्र गुप्ता, श्री राजीव वर्मा, श्री मनीष दुबे, श्री मदन कुमार,श्री सत्येंद्र कुमार , डॉ० अनुमित द्विवेदी, श्री सिद्धार्थ यादव, श्री कबीर यादव, श्री सेवाराम , श्री मनोज कोच एवं श्री सत्येंद्र कश्यप आदि कालेज के पुरातन छात्रों की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

