प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा पहुंचे। उन्होंने जनता को करीब 38 मिनट तक संबोधित किया। इस दौरान PM ने आत्मनिर्भर भारत, GST बचत उत्सव, कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर बात की।
PM ने कहा कि टेलीकॉम सेक्टर की शुरुआत हुई तो भारत पीछे रह गया था। सोशल मीडिया पर चुटकुले चलते थे। जाने क्या-क्या लिखा जाता था। अब भारत स्वदेशी 4जी टेक्नोलॉजी वाला पांचवां देश बन गया है।
मोदी ने कांग्रेस शासित राज्यों में जारी लूटतंत्र का भी जिक्र किया। PM ने कहा, केंद्र सरकार ने टैक्स घटा दिया, लेकिन हिमाचल में कांग्रेस सरकार जनता तक इसका लाभ नहीं पहुंचा रही है। वे अपना टैक्स लगाकर लूट में लगे हैं। अभी भी हरकत से बाज नहीं आ रहे।
प्रधानमंत्री का 15 महीनों में छठा ओडिशा दौरा था। उन्होंने 60 हजार करोड़ रुपए के कई बड़े रेल, एजुकेशन और हेल्थ प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की। साथ ही BSNL के स्वदेशी 4जी टेक्नोलॉजी की शुरुआत की।
कांग्रेस अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। उनकी सरकारें आपको लूटने में जुटी है। मेरे पास सबूत है। हमने देश के लोगों को लाभ देने के लिए टैक्स कम किया, सीमेंट से भी टैक्स घटा। हमारा मकसद था लोगों को घर बनाने में कम पैसा खर्च करना पड़े। 22 सितंबर के बाद बयानबाजी करने वालों की करतूत देखिए। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार है, वहां वे आम जनता को सुख देना नहीं चाहते। उन्होंने अपना एक नया ही टैक्स लगा दिया। भारत सरकार की तरफ से जो फायदा दिया जा रहा था वे दीवार बनकर लूट में लगे हैं।
हमने देश को कांग्रेस के लूट तंत्र से बाहर निकाला। भाजपा सरकार में डबल बचत और डबल कमाई का दौर आया है। कांग्रेस सरकार में 2 लाख की कमाई तक इनकम टैक्स देना पड़ता था। ये 2014 तक चलाया। जब आपने मुझे सेवा का मौका दिया तब हमने 12 लाख की सालाना कमाई टैक्स फ्री की। 22 सितंबर से देश में ओडिशा में GST के नए रिफॉर्म लागू हुए। इन सुधारों में आप सभी को GST बचत उत्सव का उपहार दिया है। माताओं के लिए रसोई चलाना और सस्ता हो गया है। जरूरत के दाम और कम हो गए।

