चुनाव आयोग ने क्रिकेटर मोहम्मद शमी को नोटिस भेजा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शमी ओर उनके भाई मोहम्मद कैफ के SIR फॉर्म में गड़बड़ियां मिली हैं, इसलिए दोनों को बुलाया गया है। हालांकि शमी या चुनाव आयोग की ओर से अभी तक इस पर कोई बयान नहीं आया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार शमी के एन्यूमरेशन फॉर्म में प्रोजेनी मैपिंग और सेल्फ-मैपिंग से जुड़ी गड़बड़ियों मिली हैं। इसके बाद साउथ कोलकाता के वार्ड नंबर 93 से नोटिस जारी किए गए, जिसमें उन्हें असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (AERO) के सामने पेश होने को कहा गया है।
शमी कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (KMC) वार्ड नंबर 93 में वोटर के रूप में रजिस्टर्ड हैं, जो रासबिहारी असेंबली सीट के अंदर आता है। 2024 में हुए लोकसभा चुनाव तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने उत्तर प्रदेश के अमरोहा में स्थित अपने पैतृक गांव में वोटिंग की थी।
पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद 16 दिसंबर को बंगाल की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पब्लिश हुई थी, जिसमें 58.21 लाख लोगों के नाम काटे गए थे। इसके बाद दावा, आपत्ति और सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है।
इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक शमी आज की तय हियरिंग में शामिल नहीं हो सके। वह इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी में राजकोट में बंगाल को रिप्रेजेंट कर रहे हैं। शमी की अगली सुनवाई 9 से 11 जनवरी के बीच होनी है। मोहम्मद शमी को 11 जनवरी से शुरू हो रही न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की सीरीज में नहीं चुना गया है।
शमी ने पिछले साल टखने की सर्जरी कराई थी। उसके बाद उनके दाएं घुटने में दर्द होने लगा था। इसी वजह से उन्हें भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भी नहीं चुना गया था। शमी ने आखिरी टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड में खेला था। उन्हें 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए भारतीय टीम में चुना गया था।

