शिवसेना उद्धव गुट ने शनिवार देर रात पांच और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। पार्टी ने हारुन खान को वर्सोवा, संजय भालेराव को घाटकोपर (पश्चिम) और संदीप नाइक को विले पार्ले से मैदान में उतारा है।
इनमें से वर्सोवा और घाटकोपर पश्चिम सीट पर कांग्रेस और NCP (SP) ने अपना दावा पेश किया था। वहीं, दहिसर सीट से शिवसेना (UBT) नेता अभिषेक घोसालकर के पिता विनोद घोसालकर को टिकट दिया गया है।
8 फरवरी, 2024 की रात पूर्व पार्षद अभिषेक घोसालकर की गोली मार कर हत्या की गई थी। घटना के दौरान वे फेसबुक पर लाइव थे। हमला करने वाले आरोपी मॉरिस नरोन्हा ने भी खुद को 4 गोलियां मारकर आत्महत्या कर ली थी।
उद्धव चाहते थे कि दहिसर सीट से अभिषेक की पत्नी तेजस्विनी चुनाव लड़ें। अभिषेक के पिता और पूर्व विधायक विनोद घोसालकर भी इसी सीट से टिकट मांग रहे थे। इसी वजह से इस सीट को होल्ड कर रखा गया था। इसके अलावा लिस्ट में 5वां नाम भैरुलाल चौधरी जैन का है। उन्हें मलाबार हिल विधानसभा से उतारा गया है।
महायुति में 288 में से अब तक कुल 223 कैंडिडेट का नामों का ऐलान हो चुका है। बाकी बचे उम्मीदवारों को लेकर तीनों पार्टियों में खींचतान चल रही है।
दूसरी लिस्ट में 15 नामों का ऐलान किया था
शिवसेना (UBT) ने शनिवार सुबह 15 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। इसमें शिवडी विधानसभा से अनिल चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया था। यहां से लालबाग राजा मंडल के मानद सचिव सुधीर साल्वी भी टिकट मांग रहे थे, लेकिन अनिल चौधरी का नाम फाइनल हुआ।
शिवसेना (UBT) अब तक कुल 85 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। MVA के सीट शेयरिंग के तहत उद्धव गुट, NCP शरद गुट और कांग्रेस 85-85 सीटों पर लड़ेगी। हालांकि, संजय राउत ने 24 अक्टूबर को कहा था उनकी पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
शिवसेना (UBT) की पहली लिस्ट में 65 नाम थे
MVA में शिवसेना (UBT) ने 23 अक्टूबर की शाम सबसे पहले लिस्ट जारी की थी। इसमें 65 नाम थे। उद्धव के बेटे आदित्य ठाकरे को वरली से प्रत्याशी बनाया गया था। कोपरी पाचपखाडी से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सामने केदार दिघे को टिकट दिया गया।
सिंगल फेज में 20 नवंबर को चुनाव, 23 नवंबर को रिजल्ट
महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को 2024 को खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र में महायुति यानी शिवसेना, भाजपा और NCP अजित पवार गुट की सरकार है। एंटी इनकम्बेंसी और 6 बड़ी पार्टियों के बीच बंटने वाले वोट को साधना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगी।
महाराष्ट्र 2019 विधानसभा चुनाव समीकरण
2019 में BJP-शिवसेना गठबंधन था। बीजेपी ने 105 सीटें और शिवसेना ने 56 सीटें जीती। गठबंधन से NCP को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिलीं थी। भाजपा-शिवसेना आसानी से सत्ता में आ जाती, पर मनमुटाव के कारण गठबंधन टूट।
23 नवंबर 2019 को फड़नवीस ने मुख्यमंत्री और अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ये सुबह-सुबह की शपथ थी। पर बहुमत परीक्षण से पहले 26 नवंबर 2019 को दोनों ने इस्तीफा दे दिया। 28 नवंबर 2019 को शिवसेना, NCP और कांग्रेस की महा विकास अघाड़ी सत्ता में आई। इसके बाद शिवसेना और NCP में बगावत हुई और 4 दल बने। लोकसभा चुनाव में शरद और उद्धव को बढ़त मिली। इन्हीं सब पृष्ठभूमि में विधानसभा चुनाव होगा।