गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में पार्टी के संकल्प पत्र का तीसरा हिस्सा जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने केजरीवाल जैसा झूठा इंसान अपने पूरे जीवन में नहीं देखा है। अभी कुंभ लगा है, केजरीवाल डुबकी लगा लो तो झूठ बोलने के पाप कट जाएंगे।
शाह ने AAP सरकार पर घोटाले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में स्कूलों और मंदिरों, गुरुद्वारों को भी नहीं बख्शा। सबके ठेके दे दिए, हजारों करोड़ का घोटाला किया। केजरीवाल ने हर चुनाव में झूठे वादे किए हैं। भाजपा कोरे वादे नहीं करती।
इससे पहले 7 जनवरी को भाजपा ने संकल्प पत्र का पहला हिस्सा जारी किया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र को ‘विकसित दिल्ली की नींव’ बताया था। इसके बाद 21 जनवरी को संकल्प पत्र का दूसरा हिस्सा पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने किया था।
उधर, केजरीवाल ने भाजपा पर तंज कसा था। उन्होंने कहा कि भाजपा संकल्प पत्र का तीसरा हिस्सा जारी करने वाली है। वो इसमें जरूर बताए कि उनका प्लान और विजन क्या है। केजरीवाल ने BJP से यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) का विजन कॉपी न करना।
- भाजपा ने 1.8 लाख लोगों से सुझाव लेकर मेनिफेस्टो बनाया
अमित शाह ने कहा कि हम चुनाव को बहुत गंभीरता से लेते हैं। बीजेपी कोरे वादे नहीं करती है। एक लाख आठ हजार लोगों ने अपना सुझाव दिया। 62 प्रकार के समूहों की बैठक की गई। ये सुझाव, दिल्ली का बजट और दिल्ली की जरूरतों को ध्यान में रखकर ये संकल्प पत्र बनाया गया है।
- केजरीवाल ने 4 बंगले मिलाकर शीश महल बनाया
शाह ने कहा कि केजरीवाल की सरकार ने ढेर सारे वादे किए थे, जिन्होंने पूरा करने के लिए इनके पास न उत्साह है न संकल्प। कहा था कि मैं, मेरी सरकार और कोई मंत्री सरकारी बंगला नहीं लेगा। बंगला लिया 10 साल से रह रहे हैं। 51 करोड़ से ज्यादा खर्च कर दिया, 4 बंगले मिलाकर एक शीश महल बनाया। करोड़ों के पर्दे, लाखों के सोफा और एलईडी है। पूछता हूं अन्ना के आंदोलन से एक पार्टी ने जन्म लिया। कहा था कि न गाड़ी लेंगे और न घर।