पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना स्थित संदेशखाली में महिलाओं के यौन शोषण का मामला गरमाया हुआ है। शुक्रवार (23 फरवरी) को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की टीम संदेशखाली पहुंची। ये टीम पीड़ित महिलाओं से मुलाकात करेगी। इससे पहले भाजपा की महिला टीम को संदेशखाली जाने से पुलिस ने रोक दिया था।
भाजपा टीम की अगुआई भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी कर रही थीं। डेलिगेशन और पुलिस के बीच बहस भी हुई। इसके बाद लॉकेट को हिरासत में ले लिया गया।
इससे पहले 16 फरवरी को भी केंद्रीय मंत्री और महिला सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को संदेशखाली नहीं जाने दिया गया था।
वहीं, संदेशखाली के बर्माजुर गांव में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके लिए सुप्रतिम सरकार (ADG, साउथ बंगाल) और भास्कर मुखर्जी (DIG, बारासात रेंज) को भेजा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के फरार नेता शाहजहां शेख पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। ED ने राशन घोटाले में बंगाल में 6 ठिकानों पर छापेमारी भी की है।
एक शख्स अरूप सोम के यहां भी ED की टीम पहुंची। अरूप पहले सरकारी नौकरी में था, अब मछली का धंधा करता है। इससे पहले 22 फरवरी (गुरुवार) को ED ने शाहजहां को नया समन जारी किया था। इसमें कहा था कि वह 29 फरवरी को जांच के लिए मौजूद रहे।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली जा सकते हैं। वे यहां यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से बात कर सकते हैं। बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गुरुवार (22 फरवरी) को इसकी जानकारी दी।