पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के बाद राहुल गांधी के वियतनाम दौरे पर भाजपा ने तंज कसा है। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मंगलवार को कहा- देश शोक में है और राहुल पार्टी करने विदेश गए हैं।
पूनावाला ने कहा- डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद राष्ट्रीय शोक है। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छुट्टी को तरजीह दी और विदेश चले गए। उनके लिए नए साल का जश्न मनाना ज्यादा मायने रखता है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा- राहुल लीडर ऑफ ऑपोजिशन (LOP) हैं। उनके लिए LOP का मतलब है लीडर ऑफ पार्टिंइंग, यानी पार्टी करने वाला नेता। राहुल ने सार्वजनिक तौर पर मनमोहन को पिता जैसा कहा था। उन्होंने राष्ट्रीय शोक के दौरान विदेश जाकर दिवंगत प्रधानमंत्री का अपमान किया है।
29 और 30 दिसंबर को भी तंज कसा था
भाजपा IT सेल प्रमुख अमित मालवीय ने 29 दिसंबर को राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी डॉ. मनमोहन सिंह के अस्थि विसर्जन में शामिल नहीं हुए।
30 दिसंबर को X पर लिखा था कि जब पूरा देश पूर्व PM के निधन पर शोक मना रहा है, तब राहुल नए साल का जश्न मनाने वियतनाम चले गए।
उन्होंने लिखा था कि राहुल ने डॉ. सिंह की मौत का राजनीतिकरण किया और राजनीति के लिए उसका फायदा उठाया। गांधी परिवार और कांग्रेस सिखों से नफरत करते हैं। यह कभी न भूलें कि इंदिरा गांधी ने दरबार साहिब को अपवित्र किया था।