कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 28 सितंबर को गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी, जिसमें पूर्व ABVP नेता की TV पर बहस के दौरान राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देने का जिक्र है। लेटर में कहा गया कि BJP प्रवक्ता के खिलाफ तुरंत कार्रवाई न होना राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा में मिलीभगत माना जाएगा।
वेणुगोपाल ने अमित शाह को लिखा- यह धमकी किसी छोटे पदाधिकारी की लापरवाही भरा रिएक्शन नहीं है। यह जानबूझकर फैलाए गए नफरत के जहरीले वातावरण का असर है। जो विपक्ष के नेता को असुरक्षित बनाता है। अब यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप बताएं आपकी पार्टी और सरकार किस विचारधारा के पक्ष में हैं।
दरअसल, केरल में एक न्यूज चैनल पर लद्दाख हिंसा पर लाइव बहस चल रही थी। इस दौरान भाजपा की तरफ से बोलने आए पूर्व ABVP नेता प्रिंटू महादेव ने कहा था कि राहुल गांधी को सीने में गोली मार दी जाएगी।
इसी बयान पर केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने कहा कि वे राहुल गांधी को खत्म करना चाहते हैं। भारत की लोकतांत्रिक जनता ऐसा नहीं होने देगी। वे किसी के सामने झुकते नहीं, क्योंकि वह सांप्रदायिकता और फासीवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं।
राहुल गांधी इन दिनों में भारत में नहीं हैं। वे 4 दक्षिण अमेरिकी देशों की यात्रा पर हैं। इस दौरान वे राजनीतिक नेताओं, छात्रों और व्यापारियों से बातचीत कर सकते हैं। कांग्रेस मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा ने रविवार को यह जानकारी दी, लेकिन यह नहीं बताया कि गांधी किन देशों में रहेंगे। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि वे कितने दिनों के लिए देश से बाहर रहेंगे।
हालांकि रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि वे ब्राजील-कोलंबिया जा सकते हैं। जहां वे कई देशों के राष्ट्रपतियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें करेंगे।
राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने उन पर सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप लगाया है। CRPF ने पिछले दिनों कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर कहा कि राहुल गांधी पिछले 9 महीने में बिना सूचना दिए 6 बार विदेश गए। इस दौरान वे इटली, वियतनाम, दुबई, कतर, लंदन और मलेशिया की यात्रा कर चुके हैं।
CRPF ने राहुल गांधी को भी अलग से पत्र भेजा था। जिसमें लिखा था कि इस तरह की चूक से उनकी Z+ कैटेगरी सुरक्षा कमजोर पड़ सकती है और उन्हें खतरे का सामना करना पड़ सकता है। एजेंसी ने कहा कि इससे पहले भी वह इस मुद्दे को उठा चुकी है।
CRPF के मुताबिक राहुल गांधी पिछले 9 महीने में बिना सूचना दिए 6 बार विदेश गए। इस दौरान वे इटली, वियतनाम, दुबई, कतर, लंदन और मलेशिया की यात्रा कर चुके हैं।

