दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, आप सांसद संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
आतिशी ने कहा कि कल रात केंद्र की भाजपा सरकार ने मेरे सरकारी आवास से मेरा सामान निकालकर फेंक दिया। ये तीन महीने में दूसरी बार हुआ है।
इसके कुछ देर बाद पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) ने एक लेटर जारी कर उनके दावों को खारिज कर दिया। PWD ने कहा कि आतिशी कभी मुख्यमंत्री निवास में रहने ही नहीं आईं।
PWD ने कहा कि आतिशी से कई बार 6-फ्लैगस्टाफ रोड का पजेशन लेने को कहा गया, लेकिन वे नहीं मानीं। आतिशी को दो नए आवासों का प्रस्ताव भी दिया गया था। इनमें से एक राज निवास लेन और दूसरा दरियागंज में है।
PWD ने बताया कि नियमों के मुताबिक, जिसे आवास अलॉट किया गया है, वह अगर ‘हैबिटेबिलिटी सर्टिफिकेट’ जारी होने के पांच वर्किंग डे के अंदर घर का भौतिक कब्जा नहीं लेता, तो आवंटन खुद ही रद्द हो जाता है।
PWD बोला- CM आवास की CBI जांच जारी
PWD के लेटर में मुख्यमंत्री आवास के CAG ऑडिट का भी जिक्र किया गया है। PWD ने लिखा, CBI जांच भी चल रही है। हाल ही में डायरेक्टोरेट ऑफ विजिलेंस (DOV) ने बंगले के निर्माण और नवीनीकरण से जुड़े कुछ आरोपों पर तथ्यात्मक जानकारी मांगी है। PWD इस मामले से संबंधित इन्वेंट्री को वेरिफाई कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली मुख्यमंत्री आवास के बारे में नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के बड़े नेता तक एक ही प्रचार कर रहे हैं। कह रहे हैं कि उसमें मिनी बार बना हुआ है, उसमें सोने का टॉयलेट बना हुआ है, उसमें स्विमिंग पूल बना हुआ है। जबकि, इसी दिल्ली में प्रधानमंत्री का राजमहल है जो 2700 करोड़ रुपए में बना है।
संजय सिंह ने कहा कि पीएम ने फैशन डिजायनर्स को फेल कर दिया है। दिन में तीन-तीन बार कपड़े बदलते हैं, 10-10 लाख की पेन रखते हैं, 6700 जूते की जोड़ियां, 5000 सूट हैं। उनके घर में 300 करोड़ रुपए के कालीन बिछे हैं, जिसमें सोने के तार लगे हुए हैं। 200 करोड़ रुपए का झूमर लगा हुआ है। राजमहल में कहां-कहां हीरे लगे हुए हैं, ये पूरे देश को दिखाइए।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इस देश की जनता को, मीडिया को अपना राजमहल दिखाए। मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि तुम्हारा झूठ कल उजागर होगा। कल 11 बजे मीडिया के साथ चलकर पहले दिल्ली सीएम के आवास को देखें और कितने करोड़ में बना है और फिर पीएम के राजभवन को देखने चलें।