बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमला करने वाले संदिग्ध शख्स की पहली तस्वीर सामने आई है। वह रात ढाई बजे छठी फ्लोर पर नीचे उतरता दिखा।
एक्टर पर उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया था। घटना मुंबई के खार स्थित गुरु शरण अपार्टमेंट के 12वें फ्लोर पर बुधवार देर रात करीब 2.30 बजे हुई।
इस हमले में एक्टर को गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा था। घायल सैफ को रात में ही लीलावती हॉस्पिटल ले जाया गया था।
लीलावती अस्पताल के COO डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया कि सैफ की रीढ़ की हड्डी में चाकू का टुकड़ा फंसा था और फ्लूड भी लीक हो रहा था। सर्जरी करके इसे निकाला गया है।
एक्टर के बाएं हाथ पर दो गहरे घाव थे और गर्दन पर भी गहरी चोट थी। इनकी प्लास्टिक सर्जरी की गई है। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मुंबई पुलिस के DCP गेदाम दीक्षित ने बताया कि एक हमलावर की पहचान कर ली गई है। वह चोरी के इरादे से घर में घुसा था। हमलावर सीढ़ियों से अपार्टमेंट में दाखिल हुआ और हमले के बाद सीढ़ियों से ही भागा।
जानकारी के मुताबिक हमलावर CCTV फुटेज में दिखाई दिया है। उसे बिल्डिंग की छठी मंजिल पर देखा गया था। पुलिस ने जबरन घर में घुसने और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
एक्टर की मेड समेत 3 को पूछताछ के लिए ले जाया गया
पुलिस ने बताया कि सैफ के घर से 3 लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। इनमें हमले में घायल हुई हाउसकीपर भी शामिल है। शुरुआती जांच में पता चला कि घर के अंदर मौजूद किसी शख्स ने ही हमलावर को एंट्री दी। घर में कोई जबरदस्ती नहीं घुसा।