बिहार के BSF सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज को सोमवार को छपरा के नारायणपुर गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इससे पहले शाम 4 बजे जनाजे की नमाज पढ़ी गई।
इस दौरान सैकड़ों की भीड़ मौजूद रही। भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगे। जनाजे में जो भी दिखा सबकी आंखें नम और आवाज में जोश था।
दोपहर करीब डेढ़ बजे SI का पार्थिव शरीर नारायणपुर गांव पहुंचा। जिस गाड़ी में उनकी बॉडी थी उसके आसपास सिर्फ लोगों का हुजूम दिख रहा था। भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगते रहे।
SI की पत्नी शाहीन अजिमा को 2 दिन तक शहादत की खबर नहीं दी गई थी। दोपहर डेढ़ बजे शव पहुंचते ही वो बेसुध होकर गिर पड़ीं। पार्थिव देह को अभी घर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।
बेटा बोला- पाकिस्तान को कड़ी सजा दी जाए
इससे पहले मोहम्मद इम्तियाज का शव दिल्ली से पटना लाया गया था फिर यहां से छपरा भेजा गया। पटना एयरपोर्ट पर उनका बेटा इमरान रो पड़ा। रोते-रोते उसने कहा- ‘आईएम प्राउड ऑफ यू पापा। इस जंग में शहीद सभी जवानों को नमन करता हूं। देश का हमारे साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद करता हूं।’
‘मैं सरकार से चाहता हूं कि पाकिस्तान को कड़ी सजा दी जाए। आज इस हमले में मैंने अपने पिता को खोया, पत्नी ने पति खोया। इस दर्द को कोई नहीं समझ सकता, जिसके घर से कोई जाता है सिर्फ वो इसे समझ सकता है।पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाना चाहिए कि किसी बेटे के सिर से बाप का साया ना जाए।’
पटना एयरपोर्ट पर इम्तियाज की पार्थिव देह को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, मंत्री श्रवण कुमार और मंत्री नितिन नवीन ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा- ‘इम्तियाज में ये मैसेज दिया है कि देश जाति और धर्म से ऊपर है।’


