दिल्ली चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को गृहमंत्री अमित शाह ने जंगपुरा में रैली की। शाह ने रैली में AAP चीफ अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा। शाह ने कहा- ये बड़े मियां- छोटे मियां वाली ठग जोड़ी है। इन्होंने दिल्ली को लूटने का काम किया।
शाह ने कहा- AAP ने दिल्ली में 10 साल में कोई काम नहीं किया। दिल्ली प्रदूषण और भ्रष्टाचार मुक्त नहीं हुई। केजरीवाल ने यमुना को साफ करने का वादा पूरा नहीं किया। AAP ने दिल्ली में शराब की दुकान खोली। शिक्षा मंत्री शराब घोटाले में जेल गए।
- सिसोदिया के विधानसभा सीट बदलने पर- मनीष सिसोदिया को पटपड़गंज छोड़कर जंगपुरा आना पड़ा। उन्होंने अपनी सीट क्यों बदली। शिक्षा मंत्री का काम होता है, बच्चों को शिक्षा देना, स्कूल बनाना, शिक्षकों का कल्याण करना, नए कॉलेज बनाना। ये सब तो कुछ मनीष सिसोदिया ने किया नहीं, बल्कि दिल्ली में गली-गली में शराब की दुकानें खोली है।
- यमुना की सफाई पर- AAP ने वादा किया था कि हम यमुना के पानी को साफ करेंगे। केजरीवाल जी, आपने तो यमुना जी को स्वच्छ नहीं किया, लेकिन आज मैं कह रहा हूं कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बना दीजिए, तीन साल में हम यमुना रिवर फ्रंट बनाने का काम करेंगे।
- फ्री स्कीम्स पर- मोदी जी ने वादा किया है कि दिल्ली में गरीब कल्याण की एक भी योजना बंद नहीं होगी। इसके अलावा दिल्ली की हर गरीब महिला को प्रतिमाह 2,500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 500 रुपए में LPG सिलेंडर देंगे और होली व दीपावली पर दो सिलेंडर फ्री दिया जाएगा। 10 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। हर झुग्गी-झोपड़ी को मालिकाना हक देने का काम किया जाएगा।