प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बैरकपुर, हुगली, आरामबाग और हावड़ा में रैली की। प्रधानमंत्री ने कहा कि संदेशखाली की बहनों को डराया-धमकाया जा रहा है। कांग्रेस को इस बार उनके शहजादे की उम्र से भी कम सीटें मिलेंगी। राहुल गांधी इस साल 19 जून को 54 साल के हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में संदेशखाली में यौन उत्पीड़न के मामले में कथित वीडियो पर कहा- पहले TMC नेताओं को पुलिस ने बचाया। अब TMC ने एक नया खेल शुरू किया है। TMC के गुंडे संदेशखाली की बहनों को डरा रहे हैं, धमका रहे हैं। सिर्फ इसलिए कि अत्याचारी का नाम शाहजहां शेख है।
उन्होंने कहा- बंगाल में TMC की सरकार में राम का नाम नहीं लेने दिया जाता। रामनवमी नहीं मनाने दी जाती। CAA का विरोध किया जाता है। ये तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करते हैं। यहां की तस्वीर बता रही है कि बंगाल में इस बार एक अलग माहौल है। कुछ अलग होने जा रहा है। प्रधानमंत्री ने बंगाल के लोगों को 5 गारंटी भी दी।
- कांग्रेस राज में सिर्फ गरीबी और पलायन मिला
आजादी के बाद 50 वर्ष तक कांग्रेस के परिवार ने ही सरकारें चलाईं, लेकिन पूर्वी भारत को सिर्फ गरीबी और पलायन मिला। पश्चिम बंगाल हो, बिहार हो, झारखंड हो, ओडिशा हो, आंध्र प्रदेश हो। कांग्रेस और इंडी अलायंस के दलों ने पूर्वी भारत को पिछड़ा ही छोड़ दिया। - मोदी पूर्वी हिस्से को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाएगा
मोदी ने ठाना है कि वो देश के पूर्वी हिस्से को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाएगा। आज हम पूर्वी राज्यों में सड़क मार्ग, रेलवे और जलमार्ग का एक नेटवर्क बना रहे हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने इस क्षेत्र में औद्योगीकरण को बढ़ाया है। आने वाले वर्ष बंगाल और आसपास के राज्यों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित होंगे। - TMC ने बंगाल को घोटाले का गढ़ बना दिया है
बैरकपुर की धरती इतिहास रचने वाली धरती है। आजादी में अहम भूमिका निभाने वाली धरती है, लेकिन TMC ने इसका क्या हाल बना दिया है। एक समय था, जब बंगाल की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में ये अपना बड़ा योगदान देता था, आज TMC ने इसे घोटाले का गढ़ बना दिया है।