भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी के बयान पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ने बेहूदा बयान दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें इस तरह की फिजूल की बातों पर चर्चा नहीं करना चाहिए।दिल्ली चुनाव होने वाले हैं, इसलिए अहम मुद्दों की बात होनी चाहिए।
दरअसल, रविवार को बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी पर आपत्तिजनक कमेंट किया था। उन्होंने कहा था कि जैसे ओखला और संगम विहार की सड़कें बना दी हैं, वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा।
दिल्ली में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।
BJP के मंदिर प्रकोष्ठ के 100 से ज्यादा धर्मगुरु आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। बुधवार को पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भगवा गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया।
AAP ने ऐलान किया है कि वो आज सनातन सेवा समिति की शुरुआत करेगी। इसमें पार्टी में शामिल होने वाले धर्मगुरुओं को रखा जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि पुजारी और संत 24 घंटे काम करते हैं। लोगों और भगवान के बीच वे सेतु का काम करते हैं। हम भाग्यशाली हूं। हमें उन लोगों की सेवा करने का मौका मिला है। चुनाव के बाद पुजारी ग्रंथी योजना लागू करेंगे और संतों को वेतन देंगे। दरअसल, AAP ने चुनाव जीतने पर पुजारी और ग्रंथियों को हर महीने 18 हजार रुपए वेतन देने का ऐलान किया है।