फरीदाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद के चार विधायकों सहित शनिवार को आंध्रप्रदेश के तिरुपति पहुंचकर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए। सभी नेता शुक्रवार को सुबह फरीदाबाद से रवाना हुए थे और शाम को तिरुपति पहुंचे। जिसके बाद आज सुबह सभी ने तिरुमला स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के साथ यात्रा में बडख़ल से बीजेपी विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी से विधायक सतीश फागना, बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा और होडल से विधायक हरेंद्र रामरतन शामिल रहे। सभी नेताओं ने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन कर प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली, शांति और विकास के लिए विशेष प्रार्थना की। बडख़ल विधानसभा क्षेत्र से विधायक धनेश अदलखा ने बताया कि वह केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के साथ हर वर्ष तिरुपति आकर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार भी नए वर्ष के आगमन से पहले भगवान बालाजी के चरणों में माथा टेककर क्षेत्र के विकास, शांति और जनकल्याण की कामना की गई है। धनेश अदलखा ने बताया कि यात्रा में कुल 27 लोग, जिनमें विधायक, स्टाफ और अन्य सहयोगी शामिल थे, सभी ने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि भगवान बालाजी में अटूट आस्था है और उनके आशीर्वाद से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और विकास के नए रास्ते खुलते हैं। विधायकों ने कहा कि नया साल आने वाला है और ऐसे समय में तिरुपति पहुंचकर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के विकास, प्रदेश की उन्नति और देश में शांति व सौहार्द बनाए रखने की प्रार्थना की। दर्शन के बाद नेताओं ने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे।

