अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 पैसेंजर सवार थे।
यात्रियों में 52 ब्रिटिश और 6 पुर्तगाली नागरिक थे। 100 से ज्यादा शव बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
भारत का अब तक का सबसे बड़ा प्लेन हादसा 12 नवम्बर 1996 को हुआ, जिसे चरखी दादरी विमान हादसा कहा जाता है। यह हादसा हरियाणा के चर्खी दादरी के पास उस समय हुआ, जब दो प्लेन एक-दूसरे से टकरा गए। इस टक्कर में दोनों विमानों में सवार सभी 349 लोग मारे गए थे। यह दुर्घटना पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच गलतफहमी और ऊंचाई की जानकारी सही से न समझ पाने के कारण हुई थी।
1 जनवरी 1978 को मुंबई से उड़ान भरते ही बोइंग 747 अरब सागर में गिर गया। दिशा भ्रम और तकनीकी खराबी की वजह से हुए इस हादसे में 213 लोगों की जान चली गई। प्लेन मुंबई से दुबई जा रहा था।
22 मई 2010 को एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट 812 दुबई से कर्नाटक आ रही थी। विमान में 166 लोग सवार थे। लैंडिंग के समय मौसम ठीक था, लेकिन रनवे छोटा और थोड़ा ऊंचाई पर बना हुआ था। पायलट ने विमान को जमीन पर देर से उतारा, जिससे ब्रेक लगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची। नतीजा यह हुआ कि विमान रनवे से आगे फिसलता चला गया और खाई में गिरकर दो हिस्सों में टूट गया। हादसे में 158 लोगों की मौत हो गई। जांच में सामने आया कि पायलट बहुत थके हुए थे और समय पर निर्णय नहीं ले सके, जिससे यह गंभीर दुर्घटना हुई।


