इंदौर से चलकर जबलपुर आने वाली (22191) ओवरनाइट एक्सप्रेस के 2 कोच शनिवार सुबह जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। इनमें एक पार्सल और एक AC कोच है। घटना में किसी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है।
हादसा उस वक्त हुआ, जब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 6 पर पहुंच रही थी। इसकी रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे थी। उतरे कोच को फिर से पटरी पर लाने का काम चल रहा है। इससे अप ट्रैक बाधित हुआ है। ट्रेन में 10 से 12 कोच थे।
जानकारी मिलते ही पश्चिम-मध्य रेलवे (WCR) की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय मौके पर पहुंचीं। उन्होंने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
यात्री बोले- ऐसा लगा जैसे अचानक जोर से ब्रेक लगा हो
एक यात्री संदीप कुमार ने बताया कि वह कोच में आराम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ इस तरह के झटके लगे जैसे बहुत तेजी से ब्रेक लगा हो। कुछ समझ में आता, तब तक ट्रेन खड़ी हो चुकी थी। हालांकि, कुछ देर के लिए ऐसा भी लगा कि जैसे कोई हादसा हो गया है। इसके बाद ट्रेन काफी देर तक खड़ी रही। कुछ देर बाद जब कोच से उतर कर बाहर देखा तो दो डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे।
WCR ने कहा- ट्रैक जल्द ठीक हो जाएगा
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव का कहना है कि ट्रैक जल्द ही दुरुस्त कर लिया जाएगा। कुछ देर के लिए जरूर इटारसी से जबलपुर आने वाली ट्रेन को मदन महल स्टेशन पर रोका गया था।
चार सदस्यीय अधिकारियों की जांच टीम गठित
WCR की GM शोभना बंदोपाध्याय ने चार सदस्यीय अधिकारियों की जांच टीम गठित कर दी है। जांच रिपोर्ट तीन दिन में पेश करने के लिए कहा गया है। डिरेल डिब्बों को रेल कोचिंग डिपो में पहुंचा दिया गया। घटना को लेकर पायलट और लोको पायलट से भी पूछताछ की जा रही है।


