भारत गौरव यात्रा ट्रेन में मंगलवार देर रात 40 यात्रियों ने खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत की। रात 9 बजे यात्रियों ने खाना खाया। इसके बाद कुछ लोग असहज महसूस करने लगे। उन्हें उल्टी-दस्त होने लगी। इसकी शिकायत ट्रेन में मौजूद स्टाफ से की गई।
पुणे रेल डिवीजन के PRO रामदास भिसे ने बताया कि प्राइवेट पार्टी ने ट्रेन चेन्नई से गुजरात के पालिताना के लिए बुक की थी। इसमें लगभग 1 हजार यात्री थे। देर रात हमें शिकायत मिली कि कई पैसेंजर्स को उल्टी-दस्त और चक्कर आ रहे हैं। इसके बाद रेलवे अस्पताल के डॉक्टरों के साथ-साथ 40 लोगों की टीम उपचार के लिए भेजी गई थी।
भिसे ने बताया कि ट्रेन के पुणे स्टेशन पहुंचने के बाद सभी पैसेंजर्स को प्लेटफॉर्म पर उतारकर इलाज किया गया। किसी भी यात्री को अस्पताल में भर्ती नहीं कराना पड़ा। उपचार के बाद सभी यात्रियों के साथ ट्रेन लगभग 12.30 बजे पुणे स्टेशन से रवाना हुई।


