देश में 24 घंटे में कोरोना के 628 मामले सामने आए हैं। एक्टिव केस की संख्या 4 हजार 52 पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, नए वैरिएंट के देश में 63 मामले मिले हैं। गोवा में 34, महाराष्ट्र में 9 और कर्नाटक में 8 मामले नए वैरिएंट के हैं। 24 घंटे में 315 लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं।
कोरोना का सबसे ज्यादा असर केरल में देखने को मिल रहा है। 24 घंटे में 376 मामले सामने आए हैं और एक मरीज की मौत हुई है, इनमें 6 केस नए वैरिएंट के हैं। राज्य में पिछले 5 दिन में 8 मरीजों ने दम तोड़ा है।केरल के बाद कोरोना का सबसे ज्यादा असर कर्नाटक और महाराष्ट्र मे हैं। कर्नाटक में 24 घंटे में 106 केस और महाराष्ट्र में 50 मामले सामने आए है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री धनंजय मुंडे भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।
धनंजय मुंडे के मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि नागपुर में विधानसभा सत्र के दौरान 20 दिसंबर को ही वे पॉजिटिव हो गए थे। 21 दिसंबर को वे अपने घर लौट गए और आइसोलेट हो गए। उन्हें फिलहाल कोई लक्षण नहीं हैं। वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और मीटिंग भी करने लगे हैं।
महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार ने कहा- महाराष्ट्र में कोरोना को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। राज्य में कोरोना की स्थिति पर अधिकारी नजर बनाए हुए हैं।

