कर्नाटक में भारी बारिश के कारण बेंगलुरु में 22 अक्टूबर को एक अंडरकंस्ट्रक्शन इमारत ढह गई। बाबूसापाल्या इलाके में इमारत ढहने के बाद छह और शव बरामद किए गए हैं। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या सात हो गई है। मलबे में 21 लोग फंसे हुए थे, 22 अक्टूबर की रात एक मजदूर का शव मिला था। 13 मजदूर बचा लिए गए हैं और छह घायल हैं।
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया- बिल्डिंग मालिक भवन रेड्डी और ठेकेदार मुनियप्पा को हिरासत में ले लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि बिल्डिंग में सिर्फ चार मंजिलें बनाने की इजाजत थी लेकिन लेकिन सात मंजिलों बनाई जा रही थीं।
NDRF की टीम ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बुधवार सुबह डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। मलबा हटाने के लिए टीम ने बड़ी मशीनें भी मंगवाई हैं।
कर्नाटक में इस मुद्दे पर सियायत शुरू हो गई है। विपक्षी दल JDS ने कांग्रेस पर बेंगलुरु की दुर्दशा करने का आरोप लगाया है। डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने कहा आपने देखा होगा कि दुबई और दिल्ली में क्या हो रहा है। देश के कई हिस्सों में ऐसी ही स्थिति है। हम प्रकृति को रोक नहीं सकते, लेकिन हम मैनेज कर रहे हैं।
डिप्टी CM बोले- बिल्डिंग अवैध रूप से बनाई जा रही थी
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मंगलवार रात को घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने ही जानकारी दी थी की मलबे में 21 लोग फंसे हुए थे। उन्होंने कहा कि इमारत 60/40 जमीन पर अवैध रूप से बनाई जा रही थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
3 मृतक बिहार के
एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि 5 मृतकों में से 3 मजदूर बिहार के थे इनकी पहचान हरमान (26), त्रिपाल (35), मोहम्मद साहिल (19) के रूप में हुई। वहीं, सत्या राजू (25) और शंकर की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
कर्नाटक में पिछले 3 दिनों से बारिश
बेंगलुरु सहित कर्नाटक के कई हिस्सों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उत्तर बेंगलुरु के यलहंका और आसपास के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। यलहंका के केंद्रीय विहार में कमर तक पानी भर गया है। राहत और बचाव कर्मियों ने नावों की मदद से लोगों को बाहर निकाल दिया गया है।
कर्नाटक में साइक्लोन दाना का भी असर
अंडमान सागर से उठा चक्रवाती तूफान ‘दाना’ बंगाल की खाड़ी की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। साइक्लोन 24 अक्टूबर को आधी रात या फिर 25 अक्टूबर की सुबह पुरी तट से टकराएगा। इसका असर कर्नाटक में भी देखने को मिल रहा है। यहां तूफान आने से पहले ही भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
मध्यप्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में इन दिनों दिन और रात दोनों ही सबसे ठंडे हैं। यहां रात का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से कम है। ऐसा ही मौसम आगे भी बना रहेगा। फिलहाल, प्रदेश में 3 सिस्टम का असर है। लो प्रेशर एरिया की वजह से 8 दिन से बारिश का दौर जारी है।
बंगाल की खाड़ी से उठने वाला समुद्री तूफान डाना 24-25 अक्टूबर को ओडिशा और पश्चिम बंगाल से टकराएगा। इसका असर प्रदेश के ऊपर भी पड़ेगा। इस दौरान तेज हवा के साथ कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 24 अक्टूबर की रात से साइक्लोन दाना का असर दिखने लगेगा।


