दिल्ली पुलिस ने इंटरनेशनल लेवल पर मानव तस्करी करने वाले डंकी नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 6 मानव तस्कर हैं, जबकि 3 गैरकानूनी रूप से विदेश जाने वाले नागरिक।
गिरफ्तार लोगों से 7 लैपटॉप और 12 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने फेक पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट, नकली एजुकेशन सर्टिफिकेट, यूरोपीय देशों में काम करने का नकली वर्क परमिट, नकली बांग्लादेशी नोटरी डॉक्यूमेंट्स भी बरामद किए हैं।
4 जनवरी 2023 को पुलिस ने मयूर विहार इलाके से एक अवैध बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा। उसके साथ दो और बांग्लादेशी लोगों को पकड़े गए। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनसे वैध ट्रैवल डॉक्यूमेंट मांगे। लेकिन उनके पास फर्जी डॉक्यूमेंट मिले। उनके फोन चेक करने पर पता चला कि वे तस्करों के संपर्क में थे।
इस पूछताछ में तीनों के पास से कई भाषाओं के डॉक्यूमेंट्स मिले। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे इस उम्मीद से भारत में रह रहे थे कि यहां से किसी यूरोपीय देश निकल जाएंगे। वे एक डंकी नेटवर्क के जरिए भारत भेजे गए थे और दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे थे।
उन्होंने बताया कि बांग्लादेश की एक मैनपावर कंसल्टेंसी के साथ मिलकर तस्कर बड़े स्तर पर काम कर रहे थे। पुलिस ने तीनों पर कई धाराओं में FIR की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच में तीन नए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं से पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बरामद किए।


