संसद के बजट सत्र का आज अंतिम दिन है, लेकिन कार्यक्रम के अनुसार इसे अनिश्चितकाल के लिए खत्म नहीं किया जाएगा। बल्कि कुछ समय के लिए स्थगित किया जाएगा। इसके बाद दोबारा बुलाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान महिला आरक्षण कानून में संशोधन से जुड़े अहम बिल पर चर्चा की जाएगी।
संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने राज्यसभा में कहा कि सभी सदस्यों को इसकी जानकारी है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि सत्र को बढ़ाने का मकसद महिला आरक्षण कानून में संशोधन है। हालांकि उन्होंने कगा कि संसद ने देश की महिलाओं से जो वादा किया है, उसे पूरा करना सरकार का कर्तव्य है।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार 16 से 18 अप्रैल तक 3 दिन का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी में हैं। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि सरकार को यह तय करने का अधिकार है कि कब कौन सा विधेयक लाया जाए। नेता प्रतिपक्ष खड़गे ने कहा- सरकार तानाशाही कर रही है। इतने अहम बिल लाने के समय और तरीके पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार चुनावी राज्यों में लागू आचार संहिता के बावजूद इस बिल को लाकर राजनीतिक फायदा लेना चाहती है। उन्होंने मांग की कि सर्वदलीय बैठक 29 अप्रैल के बाद कराई जाए।
झारखंड से बीजेपी सांसद आदित्य प्रसाद ने सदन में बच्चों की बलि से जुड़ी घटनाओं का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि झारखंड में एक 13 साल की लड़की की उसकी मां ने बलि के नाम पर हत्या कर दी, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने एक और घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बच्चे की बलि दी थी, जिस पर देशभर में विरोध हुआ और बाद में मामला सुलझा।
उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो (JMM) की सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं कर रही है।
फौजिया खान बोलीं- बीमा कंपनियां सिर्फ 30 दिन की ग्रेस पीरियड देती हैं, परिवारों पर असर
एनसीपी (SCP) सांसद फौजिया खान ने सदन में कहा कि बीमा कंपनियां प्रीमियम जमा करने के लिए सिर्फ 30 दिन का ग्रेस पीरियड देती हैं। अगर नौकरी जाने या मेडिकल इमरजेंसी जैसी स्थिति में एक बार भुगतान छूट जाए, तो सालों से चल रही पॉलिसी खत्म हो सकती है।
उन्होंने कहा कि बीमा पॉलिसी का मकसद संकट के समय परिवार को सहारा देना होता है, लेकिन मौजूदा नियमों से उल्टा असर पड़ रहा है। फौजिया खान ने सरकार से मांग की कि ग्राहकों के हित में ग्रेस पीरियड को 30 दिन से बढ़ाकर 90 दिन किया जाए।


