दिल्ली शराब नीति केस के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार AAP नेता संजय सिंह की शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी हुई। कोर्ट ने संजय की न्यायिक हिरासत 10 नवंबर तक बढ़ा दी।
पेशी के बाद कोर्ट से बाहर निकलते समय संजय सिंह ने कहा- अगर मोदी जी की जांच हो जाए तो उन्हें जिंदगी भर जेल में रहना पड़ेगा। मोदी जी एक भ्रष्ट नेता है, वे अडाणी के साथ मिलकर भ्रष्टाचार करते हैं।
संजय सिंह के वकील फारुख खान ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया- हमने कोर्ट में तीन एप्लीकेशन लगाई थीं, जिन्हें कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।
1. संजय सिंह को ग्लूकोमा है, जिसका इलाज उन्हें प्राइवेट अस्पताल में कराने की अनुमति दी जाए। दरअसल, गिरफ्तारी से पहले ही संजय सिंह का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था। हमने कोर्ट में उसकी रिपोर्ट पेश की, इसके बाद कोर्ट ने इलाज जारी रखने की अनुमति दे दी।
2. संजय सिंह सांसद हैं, लेकिन उनके जेल में रहते हुए संसदीय क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं का पैसा न रोका जाए।
3. तीसरी एप्लीकेशन घर के खर्चों से जुड़े चेक की थी।
ED ने संजय सिंह को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। मामले में पिछली सुनवाई 13 अक्टूबर को हुई थी, तब कोर्ट ने AAP नेता को 27 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था।
संजय की रिहाई के लिए AAP कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया
कोर्ट में पेशी से पहले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संजय की रिहाई की मांग को लेकर पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। एक कार्यकर्ता ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा- हम न्यायपालिका में विश्वास करते हैं, लेकिन कई बार प्रक्रिया सजा बन जाती है। यह क्या है? तारीख पे तारीख। संजय सिंह को जल्द से जल्द बरी किया जाना चाहिए।
कार्यकर्ता ने यह भी कहा कि अब ED और CBI राजस्थान पहुंच गई है। यह सिलसिला 2024 के लोकसभा चुनाव तक जारी रहेगा। AAP प्रदर्शनकारी भाजपा ऑफिस तक मार्च निकालने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और हिरासत में ले लिया।

