अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे। हादसे में केवल एक यात्री जिंदा बचा है। मारे गए 241 लोगों में 169 भारतीय, 52 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था।
हादसे से पहले डॉक्टर दंपती ने आखिरी सेल्फी ली। वहीं, पति से मिलने जा रही खुशबू को घर से भावुक विदाई मिली थी। एक परिवार में जुड़वा बच्चों सहित माता-पिता की मौत हो गई। वहीं 7 महीने की प्रेग्नेंट जीनल की भी जान चली गई।
हादसे के वक्त विमान में बांसवाड़ा के डॉक्टर दंपती डॉ. कोमी व्यास और डॉ. प्रतीक जोशी और उनके तीन बच्चे प्रद्युत, मिराया और नकुल भी बैठे थे। डॉ. कोमी ने एक महीने पहले उदयपुर के पैसिफिक हॉस्पिटल की जॉब छोड़ी थी। कोमी, पति के साथ में रहने के लिए लंदन जा रही थीं।
डॉ. प्रतीक लंदन में एक निजी अस्पताल से जुड़ने वाले थे और डॉ. कोमी को भी वहीं नई नौकरी जॉइन करनी थी। इसलिए उन्होंने तीनों बच्चों को भी लंदन शिफ्ट होने के लिए मना लिया था। परिवार ने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया था, लेकिन विमान हादसे में पांचों की मौत हो गई।
राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू कंवर अपने पति से मिलने लंदन जा रही थीं, उनके पति वहां डॉक्टर हैं। खुशबू की शादी सिर्फ 4 महीने पहले 18 जनवरी को हुई थी। उनका एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो उन्होंने घर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होते वक्त रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में खुशबू भावुक नजर आ रही हैं। वे अपने माता-पिता, भाई-बहनों और रिश्तेदारों से गले मिलती हैं। हाथ जोड़कर कार में बैठकर विदा ले रही हैं।

