यह कहना है अमेरिकी वकील माइक एंड्रयूज का, जो अहमदाबाद प्लेन क्रैश के 65 पीड़ितों के परिवारों की ओर से बोइंग कंपनी के खिलाफ केस लड़ेंगे। इसी मामले में गुजरात पहुंचे एंड्रयूज ने दिव्य भास्कर को एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने बोइंग कंपनी पर कई सवाल उठाए हैं और कहा है कि भारत में इस समय जो हो रहा है, उसे सब देख रहे हैं।
सवाल: कितने परिवार कानूनी कार्रवाई में शामिल हुए हैं? क्या ब्रिटिश नागरिक भी इसमें शामिल हैं?
जवाब: इस समय हमारे साथ 65 पीड़ित परिवार हैं। इनमें प्लेन के पैसेंजर और जमीन पर मारे गए लोगों के परिवार भी शामिल हैं। ये ब्रिटेन और भारत दोनों के नागरिक हैं। उन्होंने हमारी लॉ फर्म से संपर्क किया है।
सवाल: परिवारों के पास क्या कानूनी विकल्प हैं?
जवाब: प्लेन हादसों के कारणों का पता चलने के बाद उन विकल्पों पर निर्णय लिया जाएगा। जैसे अगर बोइंग विमान में कोई खराबी है, तो अमेरिका में बोइंग के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। हो सकता है कि सब-कंपोनेंट मैन्युफैक्चर या सॉफ्टवेयर डेवलपर के साथ कोई समस्या हो। यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि समस्या क्या है। अगर केवल एअर इंडिया या पायलट की गलती है, तो मामला मॉन्ट्रियल कन्वेंशन के अनुसार होगा। यह ब्रिटेन या भारत में दर्ज किया जाएगा।
सवाल: अहमदाबाद प्लेन हादसे का असली कारण क्या था? पायलट की गलती, तकनीकी खराबी या कुछ और?
जवाब: अभी हम खुले दिमाग से सोच रहे हैं। हमें नहीं पता। हमें लगता है कि अभी कोई भी निर्णय लेना जल्दबाजी होगी।
सवाल: आप सिर्फ बोइंग को ही जिम्मेदार क्यों मानते हैं? एअर इंडिया को क्यों नहीं?
जवाब: हम पहले से कोई अनुमान नहीं लगाना चाहते। हमारा कहना है कि सारी जानकारी सामने आनी चाहिए। पूरा फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और वॉयस रिकॉर्डर सामने आना चाहिए। हम बिना किसी अनुमान या निष्कर्ष पर पहुंचे, सिर्फ सबूतों की जांच करना चाहते हैं। इसके लिए फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और वॉयस रिकॉर्डर का डेटा बहुत जरूरी है।
सवाल: आप बोइंग या अन्य कंपनियों को किन कानूनी आधारों पर जिम्मेदार ठहराएंगे? कानूनी आधार क्या होंगे?
जवाब: यह इस बात पर निर्भर करता है कि दुर्घटना किस कारण से हुई। उदाहरण के लिए, इंजन कंट्रोलर सॉफ्टवेयर । अगर समस्या थ्रस्ट कंट्रोल मालफंक्शन एकोमोडेशन सिस्टम में है, तो हम उसके आधार पर निर्णय लेंगे। थ्रस्ट कंट्रोल मालफंक्शन एकोमोडेशन एक सॉफ्टवेयर पैकेज है, जिसे इंजन को तेज गति से चलने से रोकने के लिए डिजाइन किया गया है।
सवाल: जब बोइंग को पता चलेगा कि उनके खिलाफ एक और मामला दर्ज होने वाला है, तो क्या होगा?
जवाब: ऐसी कोई भी घटना किसी भी निर्माण कंपनी के लिए नकारात्मक होती है। इसलिए भारत में इस समय जो कुछ हो रहा है, उस पर पूरी दुनिया की नजर है।
सवाल: क्या आपको लगता है कि बोइंग सच्चाई को दबाने के लिए अपनी ताकत का इस्तेमाल करेगा?
जवाब: अमेरिका में बोइंग और अन्य निर्माता बहुत शक्तिशाली हैं। उनकी एक शक्तिशाली लॉबी है। उनके पास शक्तिशाली पीआर है। उनके पास शक्तिशाली वक्ता हैं। मुझे लगता है कि बोइंग अपने उत्पाद की सुरक्षा के लिए इन सबका इस्तेमाल करेगा। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि उनका प्रोडक्ट सुरक्षित रहे।
सवाल: पश्चिमी मीडिया बिना किसी सबूत के पायलट को दोषी ठहराने में हमेशा क्यों जल्दबाजी करता है?
जवाब: हम लगातार यही कहानी सुन रहे हैं। कई विमान दुर्घटनाओं में पायलट की गलती को दोषी ठहराया जाता है। पायलट किसी भी तरह की गलती कर सकता है और दुर्घटना का कारण बन सकता है। ऐसे मामलों में, तुरंत प्रतिक्रिया देना और पायलट को दोषी ठहराना आसान होता है, क्योंकि वह अपना बचाव नहीं कर सकता। अगर हमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर जैसे सबूत मिल जाएं, तो हम इस निष्कर्ष पर पहुंच सकते हैं कि दुर्घटना के समय क्या हुआ था।


