AI इम्पैक्ट समिट हंगामा मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा है। उन्हें आज सुबह तिलक मार्ग थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी थी और आरोप लगाया कि चिब ही घटना के मास्टरमाइंड हैं। प्रदर्शनकारी उनके निर्देश पर भारत मंडपम में आयोजित समिट में घुसे थे। चिब ने ही उनको लॉजिस्टिक हेल्प की थी।
इधर AI समिट मामले की जांच दिल्ली पुलिस की इंटर-स्टेट क्राइम ब्रांच टीम को सौंपी गई। चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने लिखा कि चिब की गिरफ्तारी असंवैधानिक और तानाशाह नरेंद्र मोदी की सनक का नतीजा है।
राहुल ने लिखा कि कांग्रेस के ‘बब्बर शेर’ साथियों पर गर्व, जिन्होंने कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई।
दरअसल, 20 फरवरी को इंडियन यूथ कांग्रेस के 11 सदस्यों ने भारत मंडपम में घुसकर AI समिट के दौरान शर्टलैस होकर PM मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट लहराई थी। इस दौरान पीएम मोदी इज कॉम्प्रोमाइज्ड के नारे लगाए थे।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से भी 3 कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। 4 आरोपी घटना वाले दिन ही गिरफ्तार किए गए थे। चिब को मिलाकर मामले में अब तक 8 गिरफ्तारी हो चुकी हैं।
कांग्रेस ने X पोस्ट में लिखा- देश के संविधान ने हर नागरिक को विरोध का अधिकार दिया है। नरेंद्र मोदी इस अधिकार को ही छीन लेना चाहते हैं। हम इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं।
इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने AI इम्पैक्ट समिट विवाद पर कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को देश विरोधी नहीं कहा जा सकता। यह वही तरीका है, जैसा अंग्रेजों के शासन में होता था।
उन्होंने कहा कि हमारे कुछ नेताओं ने AI समिट में शांतिपूर्ण विरोध किया था, लेकिन केंद्र सरकार और भाजपा इसे ‘एंटी-इंडिया’ बताने का प्रचार कर रही है। क्या सरकार के खिलाफ हर आवाज को ‘एंटी-इंडिया’ बताकर असली मुद्दों से बचा जा सकता है?
उन्होंने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान कई राज्यों में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जबकि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान नेताओं को हिरासत में लिया गया।
ओझा ने कहा कि सरकार हर विरोध की आवाज को दबाना चाहती है। सरकार का विरोध करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है, यह देश विरोधी नहीं है।


