देश की एयरलाइन्स की फ्लाइट में तकनीकी खामी आने और फ्लाइट के कैंसिल होने का सिलसिला जारी है। सोमवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की दो फ्लाइट और इंडिगो की एक फ्लाइट में प्रॉब्लम आई। वहीं, रविवार को एअर इंडिया की फ्लाइट से पक्षी टकराने के चलते अगली फ्लाइट कैंसिल कर दी गई।
सोमवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर से दुबई की फ्लाइट में टेक ऑफ से ठीक पहले कॉकपिट में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद रनवे एरिया से पायलट ने फ्लाइट को फिर से एप्रन में पहुंचाया। इसमें 130 पैसेंजर्स सवार थे। 5 घंटे तक फ्लाइट को ठीक करने की कोशिश की गई। फिर भी सफलता नहीं मिली। इसके बाद दुबई की इस फ्लाइट को रद्द करने का फैसला लिया गया।
एअर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-जम्मू-श्रीनगर फ्लाइट जम्मू एयरपोर्ट पर लैंड किए बिना दिल्ली लौट गई। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट नंबर IX-2564 को श्रीनगर से पहले जम्मू में उतरना था। मौसम और रनवे साफ थे, लेकिन पायलट को उचित लैंडिंग पॉइंट नहीं मिला।


