केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में मिलिट्री ऑपरेशन में क्रांति लाने की क्षमता है। AI पहले से अनुमान लगाकर विश्लेषण कर सकता है। उसके पास स्वतंत्र डिसीजन मेकिंग सिस्टम भी है।
राजनाथ सिंह शनिवार को दिल्ली में आयोजित 62वें राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय पाठ्यक्रम दीक्षांत समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में आप (जनता) लीडर होंगे, जिन्हें ये तय करना होगा कि इस तकनीक का फायदा कहां और कैसे उठाया जाए। आज की परस्पर जुड़ी दुनिया में मिलिट्री लीडर्स को जियो-पॉलिटिक्स, इंटरनेशनल रिलेशन और ग्लोबल सिक्योरिटी अलायंस की परेशानियों की मजबूत समझ होना बहुत जरूरी है।
सिंह ने कहा कि मिलिट्री लीडर्स के लिए गए फैसलों के दूरगामी रिजल्ट हो सकते हैं, जो युद्ध के मैदान से आगे बढ़कर डिप्लोमेसी, इकोनॉमिक्स, इंटरनेशनल लॉ के दायरे में भी फैल सकते हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में पॉलिटिकल सीख बहुत जरूरी है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ये सोचना कि हमारे विरोधी इन क्षमताओं का फायदा उठा सकते हैं, इस बात की याद दिलाता है कि हमें ऐसी किसी भी संभावित संभावना के लिए कितनी तत्परता से तैयारी करनी चाहिए।
भारतीय सेना दुनिया में चौथी सबसे ताकतवर, पाकिस्तान 9वें नंबर पर
फरवरी 2024 में सेना संबंधी डेटा रखने वाली वेबसाइट ग्लोबल फायरपावर की ‘सैन्य ताकत सूची-2024’ में दुनिया के 145 देशों की सेनाओं की क्षमताओं का एनालिसिस कर रैंकिंग जारी की थी।
इसके मुताबिक, भारत के पास दुनिया की चौथी सबसे ताकतवार सेना है। अमेरिका सैन्य क्षमता के मामले में सबसे शक्तिशाली देश है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर रूस और तीसरे पर चीन का नाम था।
लिस्ट में 60 से ज्यादा पैमानों के आधार पर रैंकिंग की गई थी। इसमें सैनिकों की संख्या, हथियार, फाइनेंस, लोकेशन और रिसोर्स जैसे फैक्टरों को ध्यान में रखा गया था। लिस्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के पास दुनिया की 9वीं सबसे ताकतवर सेना है।
भारत के पास पाकिस्तान से तीन गुना ज्यादा सैनिक
पाकिस्तान से तुलना की जाए तो भारत के पास उनसे तीन गुना ज्यादा सैनिक हैं। भारत के पास पैरा मिलिट्री फोर्स भी पाकिस्तान से ज्यादा है। भारत की पैरामिलिट्री फोर्स में 25 लाख 27 हजार सैनिक हैं।
पाकिस्तान में इनकी संख्या सिर्फ पांच लाख है। भारत के पास 4,641 टैंक और 606 लड़ाकू विमान हैं। जबकि पाकिस्तान के पास 3,742 टैंक और 387 लड़ाकू विमान हैं।
नेवी की क्षमता के मामले में भी पाकिस्तान हमसे काफी पीछे है। हालांकि, पाकिस्तान के पास 57 अटैक हेलिकॉप्टर्स हैं, जबकि भारत के पास इनकी संख्या सिर्फ 40 है।
ग्लोबल फायर पावर ने देशों की पावर इंडेक्स के हिसाब से यह रैंकिंग तय की है। किसी देश की कुल मारक क्षमता को पावर इंडेक्स कहा जाता है। जिस देश का पावर इंडेक्स जितना कम होता, उसकी सेना उतनी ही ज्यादा शक्तिशाली होगी।
भूटान सबसे कम सैन्य क्षमता वाला देश
इसमें अमेरिका का पावर इंडेक्स 0.0699 है। वहीं भारत का पावर इंडेक्स 0.1023 है। डेटा के मुताबिक, पाकिस्तान का पावर इंडेक्स 0.1711 है। ग्लोबल फायर पावर के मुताबिक, भूटान की सेना दुनिया की सबसे कमजोर सेना है। भूटान का पावर इंडेक्स 6.3704 है।
इसके बाद मोल्दोवा 144वें, सूरीनाम 143वें, सोमालिया 142वें और बेनिन 141वें स्थान पर है। इस सूची में लाइबेरिया 140वें, बेलीज 139वें और पश्चिम अफ्रीकी देश सिएरा लियोन 138वें स्थान पर है। मध्य अफ़्रीकी गणराज्य 137वें और आइसलैंड 137वें स्थान पर है।

