नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी(NCP) अजित पवार गुट के विधायक अमोल मिटकरी ने अजित पवार के प्लेन क्रैश हादसे पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि अजित पवार का मर्डर उसी तरह हुआ जैसे LTTE ने राजीव गांधी का मर्डर किया था? क्या कैप्टन सुमित कपूर सुसाइड बॉम्बर बनकर आए थे?
उन्होंने पूछा कि अगर कपूर की पत्नी कह रही हैं कि वह जिंदा हैं, तो क्या सुमित कपूर सच में प्लेन क्रैश में मारे गए थे? वह अकोला जिले के बालापुर तालुका के पारस फाटा में मुरलीधर राउत मित्र मंडल के शिव जयंती प्रोग्राम में बोल रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि जब अजित पवार के प्लेन क्रैश का इतना बड़ा राज है तो महाराष्ट्र इतना शांत कैसे है?
दरअसल, पुणे जिले के बारामती में 28 जनवरी को NCP नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान क्रैश हुआ था। इस हादसे में उपमुख्यमंत्री सहित 5 लोगों की मौत हुई थी। हादसे पर तभी से लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।
लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE या लिट्टे) श्रीलंका का एक सशस्त्र अलगाववादी संगठन था, जिसकी स्थापना 5 मई 1976 को वेलुपिल्लई प्रभाकरन ने की थी। इसका मुख्य उद्देश्य श्रीलंका के उत्तर और पूर्व में तमिलों के लिए एक स्वतंत्र राज्य (तमिल ईलम) बनाना था। यह संगठन 18 मई 2009 को श्रीलंकाई सेना द्वारा प्रमुख नेता प्रभाकरन के मारे जाने के बाद समाप्त हो गया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने दो दिन पहले अजित पवार के प्लेन क्रैश पर फिर सवाल उठाए। उन्होंने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फेंस में स्क्रीन पर डेटा और फोटो दिखाए।
उन्होंने कहा कि ब्लैक बॉक्स को लेकर शक जताया जा रहा था। उनके मुताबिक, दुर्घटना के समय सिर्फ एक धमाका नहीं हुआ था, बल्कि कई धमाके हुए थे। विमान में सामान रखने वाली जगह पर अतिरिक्त पेट्रोल के डिब्बे रखे गए थे, जिससे आग भड़की। सभी पहलुओं की गहराई से जांच होनी चाहिए।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी। यह प्लेन VSR कंपनी का था।


