मुंगेर में शुक्रवार को ASI संतोष कुमार की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शराब पीकर हंगामे की सूचना पर वे अपनी टीम के साथ ITC नंदलालपुर गांव गए थे।
उनके सिर पर लोहे की रॉड से कई बार किए गए। डॉक्टर ने बताया- ‘सिर में 8 शार्प इंजरी के निशान मिले हैं। खोपड़ी की हड्डी तक टूट चुकी थी।’
भास्कर की टीम इस हमले के बाद ग्राउंड पर पहुंची। मौके पर अब भी ASI के खून के निशान मौजूद हैं। हमले के बाद संतोष कुमार को 20 फीट तक घसीटा गया था।
हथियार छीनकर भागने लगा अपराधी, पैर में लगी गोली
हमले के बाद पुलिस टीम ने आरोपी गुड्डू यादव को गिरफ्तार कर लिया। टीम उसे लेकर मुख्य आरोपी को पकड़ने जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। इसमें SHO सहित 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद गिरफ्तार गुड्डू यादव ने सिपाही का हथियार छीन लिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने अपराधी को पैर में गोली मारी, जिससे वो घायल हो गया। सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मुंगेर रेंज के DIG राकेश कुमार ने बताया कि ‘इस मामले में अबतक कुल सात लोगों की संलिप्तता सामने आई है। जिसमें गुड्डु कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’
‘पुलिस की गिरफ्त से भागने के क्रम में गुड्डु कुमार को एक गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले में ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिससे पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने के मामले प्रकाश में नहीं आएंगे।’
ASI को मारकर मेरे घर के सामने फेंक गए
ASI संतोष कुमार, प्रदीप कुमार की शिकायत पर गांव में पहुंचे थे। प्रदीप ने बताया- ‘हम सब घर में होली खेल रहे थे। रणवीर यादव शराब पीकर गाली दे रहा था। मैंने चौकीदार से शिकायत की। कहा- अधिकारियों को बताइए ,इसे लेकर जाएंगे। थोड़ी देर में मेरा बेटा आया उसके सिर में चोट थी। रणवीर यादव ने हमला किया था।’
‘मेरी मां को भी मारा था। इसके बाद मैं पुलिस थाने गया। पुलिस गांव में आई। संतोष कुमार के साथ एक ड्राइवर और एक और पुलिस वाला था। उन्होंने कहा आप घर में ही रहिए हम समझा देंगे। थोड़ी देर बाद संतोष कुमार को मारकर उन्होंने मेरे दरवाजे पर रख दिया।’

