देश के कई राज्यों में अगले तीन दिन मौसम बदला रहेगा। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में एवलांच की आशंका जताई गई है। हिमाचल के अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल इलाके में एवलांच के खतरे को देखते हुए पर्यटकों की एंट्री पर रोका लगा दी है। वहीं जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में लोगों को पहाड़ी और बर्फीले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
इधर, मध्य प्रदेश के 15 जिलों में गुरुवार को बारिश हुई। मऊगंज में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। वहीं राजस्थान के सभी जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है। जैसलमेर में शुक्रवार सुबह बारिश हुई।
हरियाणा के हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में गुरुवार को आंधी चली। दो दिन पहले हुई बारिश में करीब 100 गांवों में गेहूं, सरसों और चने की फसल को नुकसान पहुंचा है। दिल्ली में भी शुक्रवार सुबह धूलभरी आंधी चली। इससे कई हिस्सों में विजिबिलिटी कम हो गई।
देहरादून और उत्तरकाशी समेत 6 जिलों में आज बारिश की संभावना है। वहीं 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 30 से 40kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। लखनऊ समेत प्रदेश के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट है। लखनऊ में शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए है। आज 30 से 40kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। गुरुवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा। पिछले 24 घंटे में बांदा सबसे गर्म रहा। यहां 38.8°C तापमान रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इससे पहले बीते 2 दिन में अलग-अलग हिस्सों में बेमौसम बरसात हुई। कन्नौज में सबसे ज्यादा 29 मिमी बारिश हुई।


