बेंगलुरु भगदड़ मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के अफसरों को 16 जून तक गिरफ्तारी से राहत दे दी है। KSCA ने अपने खिलाफ दर्ज FIR रद्द कराने की मांग की थी।
कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को KSCA, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। बेंगलुरु पुलिस ने RCB और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के 4 अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
वहीं, विपक्ष की तरफ से लगातार इस्तीफे की मांग पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि हमारी सरकार ने केस दर्ज किया। विपक्ष न्यायिक जांच की मांग कर रहा था। हमने उसके भी आदेश दिए। अफसरों को सस्पेंड किया। सरकार और क्या कर सकती है।
बेंगलुरु में 4 जून को मची भगदड़ में 13 साल लड़की सहित 11 लोगों की मौत हो गई थी। 33 घायल हो गए थे। यह घटना बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर RCB की विक्ट्री परेड के दौरान हुई थी, जहां 3 से 4 लाख क्रिकेट फैंस खिलाड़ियों को देखने आए थे।
बेंगलुरु भगदड़ मामले में आज के अपडेट्स-
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पॉलिटिकल सेक्रेटरी के. गोविंदराज को बर्खास्त कर दिया। सूचना विभाग के प्रमुख हेमंत निंबालकर का ट्रांसफर कर दिया गया है।
बेंगलुरु के ADGP इंटेलिजेंस हेमंत एम निंबालकर का ट्रांसफर किया गया। IPS रवि एस. उनकी जगह लेंगे।
भगदड़ में घायल 25 साल के रोलन गोम्स ने कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन मे RCB, KSCA और DNA एजेंसी के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
बेंगलुरु पुलिस ने RCB के सीनियर मार्केटिंग हेड निखिल सोसाले और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के 3 अधिकारियों- किरण, सुमंथ और सुनील मैथ्यू को गिरफ्तार किया।
RCB के मार्केटिंग हेड निखिल को दुबई जाते वक्त बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। उसने हाईकोर्ट में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। सोमवार को उसकी याचिका पर सुनवाई होगी।
IPS अधिकारी सीमंत कुमार ने बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाला।

