बिहार की राजधानी पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की सरेआम हत्या पर राहुल गांधी ने बिहार को भारत की ‘क्राइम कैपिटल’ कहा है। राहुल ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि अपराध बिहार में न्यू नॉर्मल बन चुका है।
राहुल ने लिखा- सरकार नाकाम, बिहार में अपराध न्यू नॉर्मल
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पटना में व्यवसायी की सरेआम गोली मारकर हत्या ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बिहार लूट, गोली और हत्या के साए में जी रहा है। अपराध यहां ‘नया नॉर्मल’ बन चुका है – और सरकार पूरी तरह नाकाम।
तेजस्वी बोले- 65 हजार हत्याएं, फिर भी बिहार में मंगलराज
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि NDA के शासन में अब तक 65,000 हत्याएं हो चुकी है फिर भी यहां मंगलराज है। मजाल है अचेत मुख्यमंत्री किसी घटना पर कोई व्यक्तव दे सके
इससे पहले खेमका के भाई शंकर खेमका ने भी कहा था, ‘सरकार के लोग लालू प्रसाद के राज को जंगलराज कहते हैं। लेकिन, हमारे लिए तो उससे बड़ा जंगलराज अभी है। बिहार सरकार ऑर्गेनाइज क्राइम चला रही है। सभी जगह ब्लैक मार्केटिंग है। हर जगह लूट है।’
खेमका को उनके अपार्टमेंट के सामने सिर में गोली मारी गई
बिजनेसमैन खेमका की पटना में शुक्रवार (4 जुलाई) को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें रात 11 बजे गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक के पास उनके घर के बाहर सिर में गोली मार दी गई थी, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया था, लेकिन अब तक अपराधी पकड़े नहीं जा सके हैं। पटना में आज खेमका का अंतिम संस्कार किया जाना है।
बिहार के टॉप 10 कारोबारियों में शामिल थे गोपाल खेमका
गोपाल खेमका बिहार के बड़े बिजनेसमैन थे। उनकी दो फैक्ट्रियां हैं। दवा दुकानों की चेन है। साथ ही पेट्रोल पंप भी है। वे शुक्रवार को रात करीब 11 बजे बांकीपुर क्लब से गाड़ी ड्राइव करते हुए घर लौटे थे। उनके अपार्टमेंट के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाकर बैठे बदमाश ने उनके सिर में गोली मार दी दी। CCTV फुटेज में वह भागते हुए भी दिखा था।


