महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने वक्फ संशोधन बिल पर गृह मंत्री अमित शाह और BJP सांसदों के भाषण पर टिप्पणी की।
ठाकरे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘BJP और उसके सहयोगियों ने मुसलमानों के बारे में जो चिंता दिखाई है, उससे मुहम्मद अली जिन्ना भी शर्मिंदा हो जाएंगे।
ठाकरे ने कहा- BJP हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही है। उन्होंने BJP को चुनौती दी कि अगर वह मुसलमानों को नापसंद करते हैं तो अपनी पार्टी के झंडे से हरा रंग हटा दें।
गुरुवार को अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ संशोधन बिल राज्यसभा में पेश किया। बुधवार को 12 घंटे की चर्चा के बाद वक्फ संशोधन बिल पास हो गया।
रात 2 बजे हुई वोटिंग में 520 सांसदों ने भाग लिया। 288 ने पक्ष में और 232 ने विपक्ष में वोट डाले। इसके बाद गुरुवार को बिल राज्यसभा में पेश किया गया।
उद्धव बोले- BJP वक्फ की जमीन छीनकर उद्योगपति मित्रों को देगी
वक्फ विधेयक पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए ठाकरे ने कहा कि वह विधेयक का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि भाजपा के दोहरे मानदंडों का विरोध कर रहे हैं। शिवसेना प्रमुख ने कहा, ‘मैंने यह नहीं कहा कि मैं विधेयक का समर्थन करता हूं। मैंने विधेयक का विरोध नहीं किया है, लेकिन मैंने भाजपा के दोहरे मानदंडों का विरोध किया है।
ठाकरे ने कहा- विधेयक में निश्चित रूप से कुछ अच्छी बातें हैं, लेकिन उन्हें इसका इस्तेमाल राजनीति के लिए नहीं करना चाहिए। इसका हिंदुत्व से कोई लेना-देना नहीं है। ठाकरे ने आरोप लगाया कि यह विधेयक वक्फ की जमीन छीनकर अपने उद्योगपति मित्रों को देने की BJP की चाल है।
ठाकरे ने चीन की घुसपैठ को लेकर भी पूछा सवाल
ठाकरे ने पूर्वी लद्दाख में चीन की घुसपैठ को लेकर भी केंद्र से सवाल किया। उन्होंने कहा, “पीओके की जमीन और चीन की घुसपैठ का क्या हुआ? क्या सरकार को देश में सिर्फ़ वक्फ बोर्ड की जमीन की चिंता है?”
वक्फ संशोधन बिल बुधवार को लोकसभा में पास होने के साथ महाराष्ट्र की राजनीति में खलबली मच गई। इसके विरोध में 232 सांसदों ने वोटिंग की, जिसमें उद्धव ठाकरे की शिवसेना के 9 सांसदों शामिल है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और नागरिकता संशोधन अधिनियम को समर्थन देने वाले उद्धव ठाकरे ने इस बार अपना हाथ खींच लिया।
ठाकरे ने कहा कि अनुच्छेद 370 का हमने समर्थन किया था। उन्होंने सौगात ए मोदी किट पर तंज कसते हुए कहा, ”ईद हुई है, सब ने ईद में बहुत कुछ खा कर डकार दिया। कल यह विधेयक किरण रिजिजू ने पेश किया। जिन्होंने गोमांस को लेकर बयान दिया था।”


