पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कोलकाता में कहा, ‘भाजपा ने दिल्ली और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव फर्जी वोटों के जरिए जीता। इसमें चुनाव आयोग ने मदद की।’
ममता ने कहा- भाजपा नेताओं ने चुनाव आयोग (EC) के ऑफिस में बैठकर ऑनलाइन फर्जी मतदाता सूची बनाई है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के हर जिले में फर्जी मतदाताओं को जोड़ा है। ज्यादातर वोटर गुजरात और हरियाणा से हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली में विपक्ष इन तथ्यों का पता नहीं लगा पाया।
उन्होंने कहा- मैं बंगाल के लोगों से अपील करती हूं कि वे वोटर लिस्ट की जांच करें। किसी भी दिन NRC और CAA के नाम पर सही वोटर्स के नाम हटाए जा सकते हैं। भाजपा ऐसा करके किसी तरह TMC को हराना चाहती है। ममता ने वोटर लिस्ट की जांच के लिए पार्टी स्तर पर कमेटी भी बनाई है।
ममता ने यह बात पार्टी कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग में कही। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वोटर लिस्ट सही करने और फर्जी वोटर हटाने को लेकर EC ऑफिस के सामने धरना दूंगी। अगर मैं नंदीग्राम में 26 दिन की भूख हड़ताल कर सकती हूं, तो EC के खिलाफ भी आंदोलन शुरू कर सकती हूं।
भारतीयों को जंजीरों में बांधकर लाना शर्मनाक घटना
ममता बनर्जी ने अमेरिका से भारतीयों को जंजीरों में जकड़कर वापस भेजने पर केंद्र सरकार का निंदा की। उन्होंने कहा- चुनाव आते ही भाजपा घुसपैठ की बात करती है, लेकिन हमारे नागरिकों को अमेरिका से जंजीरों में जकड़कर वापस भेजा जाता है। यह देश के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि जब कोलंबिया अपने नागरिकों के लिए विमान भेज सकता है तो भारत ने ऐसा क्यों नहीं किया।
ममता बोलीं- बंगाल में 2026 में 215 सीटें जीतने का लक्ष्य
ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में 2026 में विधानसभा चुनाव होंगे। राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से पार्टी ने इस बार 215 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। हमारी कोशिश होगी कि लोकसभा की तरी विधानसभा में भी भाजपा को कम से कम सीटों पर रोका जाए। 2021 विधानसभा चुनाव में TMC ने 213 सीटें जीती थीं। वहीं भाजपा को 77 सीटें हासिल हुई थी।

