टीम इंडिया ने टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीत लिया है। भारत ने फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हरा दिया। बारबाडोस के ब्रिजटाउन हुए इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और 177 का लक्ष्य दिया।
रन चेज में साउथ अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बना सकी। इसी के साथ भारतीय टीम ने ICC ट्रॉफी के 11 साल के सूखे को खत्म कर दिया। भारत ने आखिरी ICC टूर्नामेंट 2013 में जीता था।
टीम इंडिया की जीत पर भोपाल से लेकर इंदौर तक, ग्वालियर से लेकर जबलपुर तक और पूरे प्रदेशभर में जश्न का माहौल रहा। टीम इंडिया के फैन्स हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए। भारत माता की जय, वंदे मातरम, इंडिया, इंडिया के नारे गूंजे।
जगह-जगह जमकर आतिशबाजी की गई। लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते नजर आए। एक दूसरे को जीत की बधाई दी। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी टीम इंडिया को शुभकामनाएं दी है।
गुना में बरसते पानी में मना जश्न
गुना में बारिश के बीच भी युवाओं ने जश्न मनाया। ढोल की थाप पर जमकर थिरके। साथ ही आतिशबाजी भी की।
रानी कमलापति स्टेशन के सामने लगा जाम
भोपाल में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने युवाओं ने टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने का जश्न मनाया। इस दौरान यहां जाम की स्थिति बन गई। इसके बीच भी युवा थिरके नजर आए।
मंत्री विश्वास सारंग ने लहराया तिरंगा
जीत की खुशी में मंत्री विश्वास सारंग ने तिरंगा लहराया और लोगों को बधाई दी। उन्होंने भोपाल में अपने आवास पर बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की व्यवस्था की थी। जहां बैठकर कई लोगों ने मैच देखा।


