पटना के बीएन कॉलेज के छात्र हर्ष राज की हत्या का मास्टरमाइंड चंदन यादव गिरफ्तार हो गया है। चंदन पटना यूनिवर्सिटी का छात्र है और जैक्सन हॉस्टल में रहता है। चंदन की गिरफ्तारी बिहटा से हुई है। चंदन बिहटा के अमहारा का रहने वाला है।
चंदन ने बताया कि डांडिया नाइट में हुए विवाद को लेकर हर्ष के साथ मारपीट की। उसने 8 लड़कों का नाम भी बताए हैं जो इस घटना में शामिल थे। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए सुपौल सहरसा बेगूसराय नालंदा में छापेमारी कर रही है।
इधर छात्र की हत्या के विरोध में आज छात्र सड़क पर उतर आए। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान के पास करगिल चौक को जाम कर दिया। टायर जलाकर सड़क पर आगजनी की गई। पुलिस
ने मोर्चा संभालते हुए विरोध कर रहे छात्रों को खदेड़ दिया। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। फिलहाल मामला शांत है।
बता दें कि सोमवार को बीए थर्ड ईयर के छात्र हर्ष की लॉ कॉलेज में पीट-पीटकर हत्या हुई थी। पूरी साजिश के तहत मर्डर हुआ। हर्ष कल परीक्षा खत्म हाेने से 20 मिनट पहले ही लॉ कॉलेज के परीक्षा भवन से निकल गया था। हमलावरों का गिरोह लाठी-डंडे और रॉड से लैस होकर कॉलेज के गेट से घुसे और हर्ष पर हमला बोल दिया। घटना के बाद काेई पैदल भागा ताे काेई बाइक और ऑटो से भाग निकला।
मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हर्ष की हत्या को लेकर कहा कि अब यह लोग क्यों नहीं चिल्ला रहे हैं। पूरे भाजपा प्रदेश वाले राज्यों में कानूनी व्यवस्था की स्थिति खराब है। कई मामले ठंडे बस्ते में डाल दिए गए। हम लोगों ने आंदोलन किया तो कुछ कार्रवाई हुई लेकिन हालात इतने खराब है कि अब यह लोग जंगलराज आज नहीं बोल रहे हैं। ये लोग आज सड़क पर नहीं लेट रहे हैं।
वहीं वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा कि सरकार को सोचने की आवश्यकता है। सरकार सिर्फ चुनाव नहीं लड़े, वह बिहार को भी देखें। लॉ एंड ऑर्डर को भी देखें सरकार। इस पर काम करने की जरूरत है। यह दुखद घटना है। बिहार में इस तरह से क्राइम हुआ है। इस पर संज्ञान लेना चाहिए पुलिस प्रशासन को।


