आम आदमी पार्टी (AAP) सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। हरियाणा से AAP के प्रदेश अध्यक्ष रहे नवीन जयहिंद ने AAP नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जयहिंद ने वीडियो जारी कर दावा किया है कि राघव चड्ढा को दिल्ली में केजरीवाल के शीशमहल (CM हाउस) में बुलाकर मुर्गा बनाकर पीटा गया था। 4 नेताओं के सामने उनसे मारपीट हुई थी।
जयहिंद ने यह भी कहा कि पिटाई में राघव की आंख पर चोट आई थी। इस चोट का इलाज कराने के लिए ही राघव इंग्लैंड गए थे। लोगों ने समझा कि राघव हनीमून मनाने के लिए इंग्लैंड गए हैं। राघव को सारे खुलासे खुलकर करने चाहिए।
शनिवार को रोहतक में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नवीन जयहिंद ने कहा- केजरीवाल व राघव के बीच दो साल से झगड़ा चल रहा है। केजरीवाल ने ही राघव चड्डा को पंजाब का शेडो सीएम बनाकर भेजा था। उन्हें पंजाब से पैसा एकत्रित करने के लिए लगाया। यह पैसा सिंगापुर पहुंचना था, लेकिन इंग्लैंड पहुंचा दिया, जिसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। राघव के पास केजरीवाल के राज व माल है, जिसको लेकर सारा मामला चल रहा है।
उधर, राघव चड्ढा ने भी उपनेता पद से हटाए जाने के बाद शनिवार को वीडियो जारी कर कहा- मुझ पर 3 आरोप लगाए, जिसकी वजह से मुझे संसद में बोलने का मौका नहीं दिया जाएगा। मैं संसद में शोर मचाने, चिल्लाने, माइक तोड़ने या गाली देने नहीं गया, बल्कि जनता के मुद्दे उठाने के लिए गया हूं।


